हरियाणा अनेक चुनौतियों का सामना कर निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर:- उपायुक्त सतबीर सिंह
हरियाणा अनेक चुनौतियों का सामना कर निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर:- उपायुक्त सतबीर सिंह
कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु ने की शिरकत
स्थानीय स्तर पर कुरुक्षेत्र के कार्यक्रम का किया गया सीधा प्रसारण
विद्यार्थियों ने दी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
हरियाणा गठन के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में हीरक जयंती समारोह आयोजित
रोहतक, 1 नवंबर:
हरियाणा गठन के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु, प्रदेश के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के संदेश को एलईडी के माध्यम से सुनाया गया। राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु ने रिमोट का बटन दबाकर हीरक जयंती समारोह के लोगो का विमोचन किया। स्थानीय स्तर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
सतबीर सिंह ने स्थानीय जिला विकास भवन परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में जिला प्रशासन तथा सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय समारोह में संबोधन के दौरान जिला वासियों को हरियाणा के हीरक जयंती समारोह की शुभकामनाएं व बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के गठन के 60 वर्षों का सफर प्रदेश वासियों की कडी मेहनत एवं समर्पण का परिणाम है। गठन के समय अनेक चुनौतियों का सामना करने वाला हरियाणा प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि हर नागरिक प्रदेश की हीरक जयंती के अवसर पर यह संकल्प लें कि वह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के विजन को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। आज हरियाणा खाद्य उत्पादन, औद्योगिक विकास तथा प्रति व्यक्ति आय के मामले में देश का महत्वपूर्ण राज्य बनकर उभरा है। हरियाणा प्रदेश जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में हमेशा प्रथम रहता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी प्रत्येक गरीब व्यक्ति तक सुशासन का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प है। आज हरियाणा विकास के नये आयाम स्थापित कर रहा है।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने हरियाणा के विकास व खाद्यान उत्पादन में अभूतपूर्व प्रगति के इतिहास का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नीति निर्माताओं ने आधुनिक हरियाणा की नींव रखी, जिस पर चलते हुए प्रदेशवासियों ने विकास व आत्मनिर्भरता के नये आयाम स्थापित किये। उन्होंने कहा कि गठन के समय प्रदेश में सिंचाई सुविधाएं सीमित थी।
राजपाल चहल ने कहा कि किसानों के मसीहा चै छोटूराम के प्रयासों से भाखड़ा बांध परियोजना पूर्ण होने से प्रदेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, जिससे आज प्रदेश खाद्य उत्पादन में देशभर में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। प्रदेश के महानुभावों ने हरित क्रांति में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा हरियाणा को खाद्यान के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया। प्रदेश के गठन के बाद प्रदेश में साक्षरता दर में भी महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की गई। आज शिक्षा के क्षेत्र में लड़कियां लड़कों से आगे निकल चुकी है।
हरियाणा की हीरक जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां:-
हरियाणा गठन के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधा। स्थानीय मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने एकल गीत देशां में देश भारत-भारत में हरियाणा की शानदार प्रस्तुति दी। लाखनमाजरा विद्यालय के विद्यार्थियों ने हरियाणा की प्राचीन परम्परा अतिथि देवः भवः पर शानदार रागनी की प्रस्तुति दी, जिसके बोल थे कौण किसे नै घरा बुलावे। स्थानीय राजकीय कन्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने हरियाणवी पगड़ी का महत्व का वर्णन करते हुए सामूहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, जिसके बोल थे पगडी हरियाणे की दुनिया में छावेगी। अन्य एकल नृत्य की प्रस्तुति में माॅडल टाउन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ने दुनिया में सबतैं न्यारा म्हारा हरा-भरा हरियाणा पर शानदार नृत्य किया। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकार ऋषिकेश ने सारा भारत घुम के देखा, ना मिला इसा ठिकाणा के माध्यम से हरियाणा प्रदेश के प्रसिद्ध स्थलों का वर्णन किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार, महम के तहसीलदार रवि कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी, रोहतक के नायब तहसीलदार विजेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी, जिला सैनिक व अर्धसैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी करतार सिंह, रोहतास व मुकुल दहिया, एटीपी तिलक राज सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
