हरियाणा मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्रा ने किया हिसार का दौरा
हिसार, 31 जुलाई।
हरियाणा मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष एवं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति ललित बत्रा ने आयोग के सदस्यों कुलदीप जैन एवं दीप भाटिया के साथ शुक्रवार को हिसार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय कारागार-1 का गहन निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में मानवाधिकारों से संबंधित मामलों की समीक्षा भी की।
दौरे की शुरुआत केंद्रीय कारागार-1 के निरीक्षण से हुई। निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ललित बत्रा तथा आयोग के सदस्यों कुलदीप जैन एवं दीप भाटिया ने कारागार की विभिन्न बैरकों, रसोईघर, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, अस्पताल, विधिक सहायता कक्ष, पुस्तकालय तथा महिला एवं किशोर बंदियों के लिए की गई विशेष व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार में स्वच्छता, सुरक्षा एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति ललित बत्रा ने कारागार में बंद कैदियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद भी किया। उन्होंने बंदियों से उनके स्वास्थ्य, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं, कानूनी सहायता तथा परिवारजनों से मिलने-जुलने की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। बंदियों द्वारा रखी गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति ललित बत्रा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के मानवाधिकारों का संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कारागार प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी बंदियों के साथ मानवीय एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा उनके मानवाधिकारों का पूर्ण सम्मान किया जाए। उन्होंने कहा कि समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ पेयजल, पौष्टिक भोजन, विधिक सहायता तथा व्यावसायिक एवं कौशल प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं प्रत्येक बंदी तक प्रभावी रूप से पहुंचनी चाहिए, ताकि उनके पुनर्वास की प्रक्रिया भी सुदृढ़ हो सके।
हिसार में न्यायमूर्ति ललित बत्रा, आयोग के दोनों सदस्यों कुलदीप जैन एवं दीप भाटिया ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिले में मानवाधिकारों के उल्लंघन से संबंधित प्राप्त शिकायतों एवं उनके निस्तारण की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानवाधिकारों से जुड़े प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय एवं आवश्यक राहत उपलब्ध हो सके। दौरे के दौरान न्यायमूर्ति ललित बत्रा ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, एसडीएम ज्योति मित्तल, डीएसपी मयंक मुदगिल तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले में मानवाधिकारों से संबंधित विभिन्न मामलों, शिकायतों एवं उनके समाधान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर हरियाणा मानव अधिकार आयोग के सदस्य कुलदीप जैन एवं दीप भाटिया, बोर्ड के रजिस्ट्रार आर.के. सोन्धी, संजय खंडूजा तथा सहायक रजिस्ट्रार डॉ. पुनीत अरोड़ा सहित कारागार एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
