पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, अब चलेंगी ठंडी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा में पिछले दो दिनों से पश्चिमी विक्षोभ का असर था, जिसके चलते हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हुई। अब यह विक्षोभ खत्म हो गया है और उत्तरी-पश्चिमी हवाएं एक बार फिर से चलने लगी हैं। इन हवाओं के कारण रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।
दिन और रात के तापमान में बढ़ा अंतर
दिन के समय सूर्य की तपिश बनी रहने से दोपहर में हल्की गर्माहट है, लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे दिन और रात के तापमान में अंतर दोगुना हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अंतर और बढ़ सकता है।
6 से 9 नवंबर तक रहेगा खुश्क मौसम
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर 5 नवंबर तक ही था। अब 6 नवंबर से 9 नवंबर के बीच प्रदेश में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी।
उन्होंने बताया कि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी, जबकि रात का तापमान और नीचे जा सकता है। यानी आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज महसूस होगा।
मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे सुबह के समय खेतों में नमी और धुंध को ध्यान में रखते हुए काम करें। वहीं आम लोगों को भी सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के उपाय करने की सलाह दी गई है, क्योंकि अब तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी।
