हरियाणा बना खेलों का हब -प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनवा रहे अपनी प्रतिभा का लोहा: खेल मंत्री गौरव गौतम
चंडीगढ़ 27 नवंबर। खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा खेलों का हब बन चुका है और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे अनुशासन, मेहनत और खेल भावना को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा खेल को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ खेलें। खेल राज्य मंत्री ने यह बात शुक्रवार को जींद के मोतीलाल पब्लिक स्कूल में वार्षिक मेगा गाला 5.0 खेल कूद प्रतियोगिता शुभारंभ पर बोलते हुए कही ।
तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने मशाल जलाकर किया। उन्होंने खिलाडियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ-साथ खेलों का भी बहुत बड़ा महत्व है। खेल न केवल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। खेलों से जुड़ा युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहता है और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ता है।
खेल राज्य मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आज के युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। एक खिलाड़ी की सफलता केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि इससे उसके परिवार, गांव, क्षेत्र और पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी के मन में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रवाद की भावना सदैव बनी रहनी चाहिए। खिलाड़ी जब खेल के मैदान में उतरता है तो वह अपनी प्रतिभा के साथ-साथ देश का प्रतिनिधित्व भी करता है। इसलिए खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए। खेल मंत्री ने इस मौके पर सिम्बोलिक तौर पर बैडमिंटन व शूटिंग खेल कर खिलाड़ियों को प्रेरित भी किया। मोतीलाल पब्लिक स्कूल में चल रही इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कब्बडी,खो-खो,बैडमिंटन,टेबल टेनिस,केरम ,चेस तथा रिले रेस जैसे खेलों की प्रतियोगिताएँ करवाई जायेंगी ।
इस अवसर पर बीजेपी जिला प्रधान श्री तेजेंद्र ढुल,स्कूल के चेयरमैन श्री संदीप दहिया,प्रधानाचार्य श्री रविन्द्र कुमार,मुख्य समन्वयक श्री सुरेंद्र सैनी भी मौजूद थे।
