Haryana: हरियाणा के शहीद लेफ्टिनेंट अमित जाखड़ पंचतत्व में विलीन, 6 साल पहले हुए थे सेना में भर्ती 

 
Haryana: हरियाणा के शहीद लेफ्टिनेंट अमित जाखड़ पंचतत्व में विलीन, 6 साल पहले हुए थे सेना में भर्ती 
Haryana: हरियाणा के झज्जर जिले के गांव नौगांवा  के वीर सपूत लेफ्टिनेंट अमित सिंह को रविवार सायं पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जैसे ही वीर सपूत अमित जाखड़ का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। 

हजारों की संख्या में उमड़े जनसमूह ने नम आंखों से अपने लाल को अंतिम विदाई दी और “भारत माता की जय” व “अमित सिंह अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

शहीद अमित जाखड़ के चाचा धर्मेन्द्र ने मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवारजन, ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने नम आंखों से अपने लाल को विदा किया। पूरे गांव में गम और गर्व, दोनों भावनाएं साथ-साथ दिखाई दीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लेफ्टिनेंट अमित  महाराष्ट्र के बेलगांव में ट्रेनिंग के दौरान उनका आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, नौगांवा गांव तथा पूरे क्षेत्र में गहरा शोक की लहर दौड़ गई।

लेफ्टिनेंट अमित सिंह 23 अप्रैल 2021 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे।  

शहीद अमित सिंह  अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता राजसिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और परिवार का सेना से गहरा जुड़ाव रहा है। पुत्र की शहादत से परिवार को जहां अपार दुख पहुंचा है। 

लेफ्टिनेंट अमित सिंह के पार्थिव शरीर पर यूनिट 8 मद्रास से कर्नल दिनेश, लेफ्टिनेंट कर्नल हरीश बूरा, मेजर प्रणय मित्तल, राहुल मलिक, सूबेदार सी.डी. रेड्डी, हवलदार कृष्ण कुमार ने पुष्प चक्र चढ़ाकर नमन किया। 

वहीं जिला प्रशासन की ओर से बीडीपीओ मातनहेल अंजली शर्मा, नायब तहसीलदार नवदीप, जिला सैनिक बोर्ड झज्जर से बिजेंद्र सिंह, रोहतास सिंह, सुकरमपाल तथा अजय कुमार के अलावा पूर्व जिला पार्षद राकेश जाखड़, पार्षद अनिल पहलवान नौगामा, सरपंच अजय कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं क्षेत्रवासियों ने अंतिम यात्रा में भाग लेकर  आंखों से अंतिम विदाई दी।