अमित पंघाल और अंशुल श्योकंद की सगाई 31 मार्च को जींद के एक निजी होटल में हुई थी। यह एक पारिवारिक समारोह था, जिसमें दोनों परिवारों के करीबी सदस्य ही शामिल हुए थे। शादी के बाद 4 नवंबर को रोहतक के एक निजी होटल में रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
अंशुल श्योकंद का परिवार पहले रोहतक में रहता था लेकिन 2024 में जींद शिफ्ट हो गया। उनके पिता कुलदीप किसान हैं और मां सीमा जींद के अस्पताल में नर्स हैं। अंशुल ने रोहतक यूनिवर्सिटी से बीकॉम किया है और इसके बाद देहरादून में CDS की कोचिंग ली। उन्होंने एयरफोर्स फ्लाइंग ऑफिसर का एग्जाम भी पास किया था, लेकिन ट्रेनिंग के दौरान अंतिम चयन नहीं हो पाया। अब वह दोबारा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। अंशुल ताइक्वांडो प्लेयर भी रह चुकी हैं।
अमित पंघाल का जन्म 16 अक्टूबर 1995 को रोहतक के मायना गांव में हुआ था। उनके पिता विजेंद्र पंघाल किसान हैं और बड़े भाई अजय पंघाल बॉक्सर रह चुके हैं। अजय ने ही अमित को बॉक्सिंग में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अमित ने 2007 में छोटूराम बॉक्सिंग एकेडमी से प्रशिक्षण शुरू किया और मेहनत के दम पर आज देश के शीर्ष मुक्केबाजों में गिने जाते हैं।
उन्होंने अपने करियर में कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का नाम रोशन किया है। 2018 एशियन गेम्स में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता, 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक, 2019 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में रजत पदक, 2021 एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। साथ ही, 2017 एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी जीता। अमित दो बार ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, हालांकि उन्हें पदक नहीं मिल सका।
शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। अमित के पिता विजेंद्र पंघाल ने बताया कि शादी के कार्ड छप चुके हैं और रिश्तेदारों में बांटे जा रहे हैं। वह खुद सगे-संबंधियों के पास जाकर निमंत्रण दे रहे हैं, जबकि अमित शादी की खरीदारी और तैयारियों में व्यस्त हैं।
यह शादी पूरी तरह अरेंज मैरिज है। चार महीने पहले अंशुल का परिवार अमित के घर आया था। दोनों परिवारों की मुलाकात के बाद रिश्ता पक्का हुआ। इसके बाद अमित और उनके परिवार ने अंशुल के परिवार से मुलाकात की और शादी के लिए सहमति दी।
