Haryana: हरियाणा का जवान जम्मू-कश्मीर में हुआ शहीद, एक साल पहले हुई थी शादी
हरियाणा का लाल मोहित भी शहीदों में शामिल
इस हादसे में शहीद हुए जवानों में हरियाणा के झज्जर जिले का आर्मी जवान मोहित भी शामिल है। गुरुवार देर शाम सेना की ओर से उनके शहीद होने की सूचना परिजनों को दी गई। खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव गिजाड़ौध में मातम पसर गया।
पांच साल पहले बने थे सैनिक, एक साल पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार मोहित करीब 5 साल पहले भारतीय सेना में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। करीब एक साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। उनकी पत्नी इस समय ढाई महीने की गर्भवती हैं।
सालगिरह मनाकर लौटे थे ड्यूटी पर, फिर नहीं लौट सके
मोहित नवंबर में अपनी शादी की सालगिरह मनाने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। परिवार से जल्द लौटने का वादा कर वह ड्यूटी पर वापस गए थे, लेकिन अब उनके लौटने की जगह शहादत की खबर गांव तक पहुंची।
आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
गांव के सरपंच नरेश ने बताया कि शहीद मोहित की पार्थिव देह शुक्रवार को सेना द्वारा पूरे सैन्य सम्मान के साथ गांव लाई जाएगी। गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
