Haryana: हरियाणा पुलिस की महिला ASI 33 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB टीम की बड़ी कार्रवाई
Haryana: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा के जिला कुरुक्षेत्र पुलिस की ASI शर्मिला देवी को एंटी करप्शन ब्यूरो अंबाला की टीम ने रिश्वत रहते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, महिला को 33000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। महिला ASI शर्मिला देवी कुरुक्षेत्र के थाना KUK में कार्यरत थी।
चंडीगढ़, 3 अप्रैल: राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आज दिनांक 03.04.2026 को एक महिला एएसआई शर्मिला मालिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपिया स.उ.नि. शर्मिला मलिक, जो महिला हेल्प डेस्क, थाना कुरूक्षेत्र यूनिवर्सिटी में तैनात थी, को जिला अदालत परिसर, कुरूक्षेत्र के निकट 33,000 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।इस संबंध में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अम्बाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी गई कि उसके रिश्तेदार के खिलाफ उसकी पत्नी द्वारा महिला हेल्प डेस्क कुरूक्षेत्र में एक झूठी शिकायत दी गई थी। इस मामले में सहायता करने और सिमरनजीत सिंह के पक्ष में बयान दर्ज करने के बदले आरोपी स.उ.नि. शर्मिला मलिक द्वारा 35,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पहले ही 2,000 रुपये ले लिए थे तथा शेष 33,000 रुपये आज लेने की बात कही थी। शिकायत की पुष्टि के बाद सतर्कता ब्यूरो की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई को पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया। ब्यूरो की टीम ने आरोपी को 33,000 रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही काबू कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
जनहित में संदेश:
भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी भी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 एवं 1800-180-2022 पर दें। आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
