Haryana: हरियाणा पुलिस का 7 मजदूरों की मौत पर बड़ा एक्शन, कंपनी समेत इन लोगों पर FIR दर्ज
उपरोक्त सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौका घटनास्थल (सिग्नेचर ग्लोबल कम्पनी, सिद्धरावली) पर पहुंची और अन्य लोगों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल, भिवाड़ी भिजवाया गया।
मौके से निकाले गए मजदूरों को सरकारी अस्पताल भिवाड़ी व गीतांजलि अस्पताल भिवाड़ी (राजस्थान) में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवकुमार, संजीव गोपे, भागीरथ गोपे, मंगल चंद्र महतो, रंजीत महतो, परमेश्वर महतो व सतीश को मृत घोषित कर दिया, जबकि इन्द्रजीत, छोटेलाल, शिवकाम चौधरी व अन्य घायल अवस्था में अस्पताल में उपचाराधीन पाए गए। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई तथा शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी गुरुग्राम भिजवाया गया।
दिनांक 10.03.2026 को मृतक सतीश के भाई द्वारा पुलिस को एक लिखित शिकायत दी गई। शिकायत के माध्यम से बताया कि सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी में STP प्लांट निर्माण का कार्य बालाजी कंस्ट्रक्शन कंपनी (BICPL) द्वारा किया जा रहा था, जहां गहरा कच्चा गड्ढा खोदकर मजदूरों से काम कराया जा रहा था।
शिकायत में बताया कि ग्लोबल सिटी ऑफ कलर्स कंपनी, बालाजी कंस्ट्रक्शन कंपनी (BICPL), दीनदयाल शर्मा उर्फ D.D. शर्मा (ठेकेदार), दिनेशवीर (प्रोजेक्ट इंचार्ज), विकास पांडे (साइट स्ट्रक्चर इंचार्ज) व सेफ्टी इंचार्ज ऑफिसर द्वारा पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम व सेफ्टी उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके कारण मिट्टी धंसने से यह हादसा हुआ और इसके भाई व अन्य मजदूरों की मौत हो गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बिलासपुर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया है।
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में आगामी कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
