Haryana: गणतंत्र दिवस पर हरियाणा पुलिस के अफसरों को मिलेगा राष्ट्रपति व पुलिस मेडल, DIG राजेश दुग्गल होंगे सम्मानित
Haryana News: गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति मेडल और पुलिस मेडल से सम्मानित किया जाएगा। गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में DIG राजेश दुग्गल का नाम शामिल है, जिन्हें विशिष्ट सेवा के लिए प्रेसिडेंट मेडल दिया जाएगा। राजेश दुग्गल वर्तमान में फरीदाबाद में जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस के पद पर तैनात हैं।
इसके अलावा रोहतक के IG सिमरदीप सिंह, स्टेट क्राइम ब्रांच के SP सुनील कुमार और गुरुग्राम में तैनात ACP सुखबीर सिंह को उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस मेडल प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान उनके लंबे और सराहनीय पुलिस सेवा कार्यों के लिए दिया जा रहा है।
पुलिस मेडल पाने वालों की सूची में कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं। हिसार के इंस्पेक्टर कंवरपाल, मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी के इंस्पेक्टर नरेश कुमार, गुरुग्राम STF में तैनात सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह, फरीदाबाद के सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान, चौथी इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) के इंस्पेक्टर गुगन राम, कैथल की सब इंस्पेक्टर रेखा रानी और CID में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर गौरव शर्मा को भी पुलिस मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
हरियाणा पुलिस के महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने मेडल पाने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा पुलिस के लिए गर्व का विषय है कि उसके अधिकारियों और जवानों की मेहनत और समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। इस उपलब्धि से न केवल सम्मानित कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि पूरे पुलिस बल को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
वहीं गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य में ध्वजारोहण कार्यक्रमों का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 26 जनवरी को गुरुग्राम में तिरंगा फहराएंगे। हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष पंचकूला में ध्वजारोहण करेंगे और वहीं ‘एट होम’ कार्यक्रम का आयोजन भी होगा। कैबिनेट मंत्री अनिल विज यमुनानगर में ध्वजारोहण करेंगे। इस बार कार्यक्रमों की सूची में विधायकों के साथ-साथ जिला परिषद चेयरमैनों को भी शामिल किया गया है, जबकि नए जिले हांसी में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ध्वजारोहण करेंगे।
