हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए खुशखबरी, जर्मन भाषा में निपुण बनाएगी सरकार

 
 हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए खुशखबरी, जर्मन भाषा में निपुण बनाएगी सरकार

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। सूबे की नायब सैनी सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में अब बच्चों को जर्मन भाषा पढ़ाने की तैयारियां शुरू कर दी है।

इसके लिए प्रदेश के 68 शिक्षकों को चुना गया है। पहले चरण में इन शिक्षकों को 28 सितंबर से एक अक्तूबर तक  NCERT गुरुग्राम में चार दिन का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके बाद शिक्षकों को जर्मन भाषा सीखने के लिए छह-छह महीने की प्रशिक्षण प्रक्रिया से गुजरना होगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद चयनित शिक्षक शैक्षणिक सत्र 2027-28 से स्कूलों में बच्चों को जर्मन पढ़ाएंगे। यह पहल सरकारी स्कूलों में विदेशी भाषा सिखाने की दिशा में हो रही है।

इससे पहले प्रदेश के 20 सरकारी स्कूलों में फ्रेंच भाषा की पढ़ाई शुरू की जा चुकी है। अब जर्मन भाषा को भी इस व्यवस्था से जोड़ा जा रहा है। गुरुग्राम में होने वाली चार दिन की ट्रेनिंग में शिक्षकों को जर्मन भाषा की शुरुआती जानकारी के साथ सिखाने की पूरी प्रक्रिया का तरीका बताया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को चयनित शिक्षकों की प्रशिक्षण में अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 

शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को फ्रेंच के बाद अब जर्मन भाषा सिखाने की योजना बनाई गई है। इससे स्कूली बच्चे विदेशी भाषा सीखने में निपुण बनेंगे जिससे उन्हें भविष्य में विदेश में पढ़ाई करने में मदद मिलेगी।