हरियाणा सरकार ने 3 गांवों में नए स्वास्थ्य केंद्रों को खोलने की दी मंजूरी
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश के 3 गांवों में नए स्वास्थ्य केंद्रों को खोलने की मंजूरी दे दी गई है। सरकार की मंजूरी के बाद अब गुरुग्राम जिले के गांव घामडोज में नया उप-स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जबकि जाएगा भिवानी जिले के गांव धनाना और हिसार जिले के गांव सिसाय बोला में एक-एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खोला जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इन स्वास्थ्य संस्थानों के शुरू होने से आसपास के अनेक गांवों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और बड़े शहरों के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत की जा रही है।
बड़े शहरों के अस्पतालों पर बोझ होगा कम
नए केंद्रों को प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। इन तीन नए केंद्रों के चालू होने से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को अपने ही क्षेत्र में इलाज मिल सकेगा। इससे न केवल मरीजों का समय और पैसा बचेगा, बल्कि रोहतक, हिसार और गुरुग्राम के बड़े सिविल अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों पर मरीजों का अत्यधिक बोझ भी कम होगा। सरकार का दावा है कि इन केंद्रों के लिए बजट, जमीन और स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया को जल्द ही शुरू किया जाएगा ताकि स्वास्थ्य ढांचा (Health Infrastructure) और मजबूत हो सके।
