Haryana : हरियाणा के युवाओं के लिए खुशखबरी! HSSC परीक्षा के दौरान देगा ये खास सुविधा

 
HSSC will provide this special facility during the examination.
Haryana : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) अब भर्ती परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान करेगा। इसके तहत सभी 23 जिलों और 90 विधानसभा हलकों में आदर्श परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इससे उम्मीदवारों को परीक्षा देने के लिए दूर-दराज के शहरों या सेक्टरों में यात्रा करने की परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी। HSSC के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी दी है। 

उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थी अपनी यात्रा के लिए पंजीकरण कर सकेंगे और उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए फ्री बस सुविधा दी जाएगी। सिर्फ इतना ही नहीं, आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि अभ्यर्थियों को यह सुविधा उनके एडमिट कार्ड पर भी उपलब्ध हो। 

हिम्मत सिंह ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में जल्द ही बड़ी संख्या में सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती प्रक्रियाएं शुरू होने वाली हैं। यह मुफ्त सफर सुविधा न केवल एचएसएससी की परीक्षाओं के लिए, बल्कि अन्य माध्यमों से आयोजित भर्ती परीक्षाओं के लिए भी लागू होगी। इससे उम्मीदवारों के समय और यात्रा लागत दोनों की बचत होगी।

आयोग का कहना है कि 90 विधानसभा हलकों में चिन्हित किए जाने वाले स्थाई परीक्षा केंद्र आदर्श होंगे। इनमें पर्याप्त सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और सुव्यवस्थित परीक्षा देने की सुविधाएं होंगी। इस योजना के लागू होने से युवाओं को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिलेगा। इस पहल का सीधा फायदा यह होगा कि परीक्षार्थियों को शहर से शहर यात्रा करने में होने वाली दिक्कतें और खर्च कम होंगे।