Haryana: सिरसा के नाथूसरी चौपटा CHC में Doctor को जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज 

 
Haryana: सिरसा के नाथूसरी चौपटा CHC में Doctor व सहायक कर्मचारी को जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज 
Haryana: हरियाणा के सिरसा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। सिरसा जिला क्षेत्र के नाथूसरी चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में कार्यरत एक कर्मचारी पर चिकित्सा अधिकारी प्रभारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए थाना नाथूसरी चौपटा में शिकायत देकर FIR दर्ज करने की मांग की है। मामला कर्मचारी द्वारा कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने और ड्यूटी में लापरवाही से जुड़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, CHC नाथूसरी चौपटा की चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. सिद्वांत आहुजा ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में बताया गया है कि सुखदेव सिंह पुत्र गंगा सिंह, निवासी गांव व डाकघर मेहुवाला, जिला फतेहाबाद, जो वर्तमान में NHM के अंतर्गत सूचना सहायक के पद पर CHC नाथूसरी चौपटा में कार्यरत हैं, अक्सर बिना सूचना दिए अनुपस्थित रहते हैं।

शिकायत में कहा गया है कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत दैनिक ऑनलाइन रिपोर्टिंग अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके बावजूद संबंधित कर्मचारी लंबे समय से बिना अनुमति अनुपस्थित रहकर हाजिरी दर्ज करते रहे। इस संबंध में उन्हें सक्षम अधिकारी से अनुमति लेने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन 12 फरवरी 2026 तक उन्होंने कोई अनुमति प्रस्तुत नहीं की।

डॉ. सिद्वांत आहुजा के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को उनकी नाइट ड्यूटी थी। उसी रात कर्मचारी द्वारा उनके निजी मोबाइल नंबर पर कई व्हाट्सएप संदेश भेजे गए, जिनकी प्रतिलिपि शिकायत के साथ संलग्न बताई गई है। आरोप है कि कर्मचारी ने न केवल अनुचित भाषा का प्रयोग किया, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि अन्य कर्मचारियों के अनुसार संबंधित कर्मचारी 12 फरवरी को CHC परिसर में नशे की हालत में घूमता देखा गया। आरोप है कि उसने चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्वांत आहुजा के साथ-साथ सहायक कर्मचारी रविन्द्र कुमार को भी जान से मारने की धमकी दी।

चिकित्सा अधिकारी प्रभारी ने थाना नाथूसरी चौपटा से मांग की है कि उक्त कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि यदि कर्मचारी भविष्य में कोई अनुचित कदम उठाता है, तो उसकी जिम्मेदारी चिकित्सा संस्था के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की नहीं होगी।

इस मामले की एक प्रति सिविल सर्जन, सिरसा को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। फिलहाल पुलिस द्वारा शिकायत पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आ रही है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी ने बताया कि हमारे पास शिकायत आई है। इसकी जांच की जाएगी।