Haryana: हरियाणा के 5 कांग्रेस विधायकों के भविष्य पर फैसला आज, अनुशासन समिति ले सकती है बड़ा फैसला

 
Haryana: क्रास वोटिंग के आरोपित पांच कांग्रेस विधायकों का भविष्य आज तय करेगी अनुशासन समिति
चंडीगढ़: हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग करने के आरोपित पांच कांग्रेस विधायकों का राजनीतिक भविष्य शुक्रवार को तय होगा। कांग्रेस की अनुशासन समिति की चंडीगढ़ में होने वाली बैठक में इन पांचों विधायकों पर लगे क्रास वोटिंग के आरोपों पर विस्तृत चर्चा के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा। अनुशासन समिति की ओर से पूरी रिपोर्ट कांग्रेस प्रभारी बीके हरिप्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के माध्यम से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के पास भेजी जाएगी। इन पांचों विधायकों को कांग्रेस से निष्कासित किए जाने की पूरी संभावना है।

ओडिशा में क्रास वोटिंग के आरोपित तीन कांग्रेस विधायकों को पार्टी पहले दिन ही निष्कासित कर चुकी है। हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों पर हुए चुनाव में एक पर भाजपा के संजय भाटिया और दूसरी पर कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध चुनाव जीते हैं। दूसरी सीट के लिए कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध तथा भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के बीच कांटे की टक्कर थी। 

कांग्रेस के 37 विधायकों में से सिर्फ 28 वोट कर्मवीर बौद्ध को मिले जबकि पांच विधायकों के वोट क्रास और चार वोट रद्द हुए हैं। जिन चार विधायकों के वोट रद्द हुए हैं, उनके विरुद्ध पार्टी ने कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला लिया है।

ये नाम शामिल:

जरनैल सिंह 

शैली चौधरी 

रेणु वाला

मोहम्मद इसराइल 

मोहम्मद इलियास