Haryana: हरियाणा के सभी जिलों में बनेगा कंट्रोल रुम, CM ने ली आपात बैठक, लोगों से की ये अपील

 
Haryana: हरियाणा के सभी जिलों में बनेगा कंट्रोल रुम, CM ने ली आपात बैठक, लोगों से की ये अपील
Haryana: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि प्रदेश में डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस को लेकर उत्पन्न हो रही आशंकाओं और घबराहट की स्थिति या अफवाहों को रोका जाए। 

डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखें। प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं, जहां से आमजन को सही और प्रमाणिक जानकारी समय-समय पर उपलब्ध करवाई जाए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर रहे थे।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तेल व गैस कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए हैं और हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। राज्य सरकार प्रदेश में निगरानी के लिए प्रशासनिक सचिवों की ड्यूटी लगा रही है। जिला प्रशासन के अधिकारी निरंतर प्रशासनिक सचिवों के संपर्क में रहें और उन्हें हर स्थिति की जानकारी देते रहें।

जिला प्रशासन रहे अलर्ट, लोगों को जागरूक करें कि अनावश्यक रूप से अधिक खरीदारी करके इनका भंडारण न करें

मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे और प्रत्येक नागरिक को यह भरोसा दिलाएं कि इनकी पर्याप्त उपलब्धता है। प्रदेश में इनकी आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। अधिकारी लोगों को जागरूक करें कि अनावश्यक रूप से अधिक खरीदारी करके इनका भंडारण न करें।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालक गैस, डीजल व पेट्रोल की सामान्य रूप से बिक्री जारी रखी जाए, किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या कृत्रिम कमी उत्पन्न करने की कोशिश न करें। ट्रक यूनियनों, ड्राइवर संगठनों और डिस्ट्रीब्यूशन एजेंसियों से भी संपर्क बनाकर रखें। उन्हें विश्वास दिलाएं कि उनको किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। सभी पंपों और एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए और यदि किसी स्थान पर असामान्य मांग बढ़ती है तो तुरंत समय रहते अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

आमजन को मिले सही जानकारी

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर तुरंत संज्ञान लेने के निर्देश दिए और कहा कि जनता को सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में अनुशासन और विश्वास बना रहे।

उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी मीडिया से संपर्क बनाकर रखें। वर्तमान स्थिति में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए मीडिया के माध्यम से सही और वास्तविक जानकारी जनता तक पहुंचाएं।

खेती के काम के लिए नहीं आने दी जाएगी डीजल की कोई कमी

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान में, फसलों की कटाई का काम शुरू हो चुका है। इस समय कृषि क्षेत्र में भी डीजल की खपत बढ़ती है। इसलिए किसान संगठनों, ग्राम पंचायतों व अन्य सामाजिक संगठनों से विशेष तौर पर बातचीत करें। उन्हें विश्वास दिलाएं कि उनको खेती के काम के लिए डीजल की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके अलावा, इन दिनों बिजली की मांग भी बढ़ती है। बिजली आपूर्ति पर भी नजर बनाए रखें। बिजली विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें निर्बाध आपूर्ति के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी करें।

उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में किसी प्रकार की असुविधा सामने आती है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के लिए सरकार ने जनहित में एक हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। नागरिक शिकायत या सुझाव इन पर दर्ज करा सकते हैं।