Haryana: हरियाणा में PM श्री स्कूलों की तर्ज पर शुरु होंगे CM श्री स्कूल, CBSE पेटर्न पर होंगे स्कूल, शिक्षामंत्री ने की घोषणा
Feb 25, 2026, 19:13 IST
Haryana: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के निजी विद्यालयों में, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ई.डब्लयू.एस.) / वंचित समूह (डी०जी०) के विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने हेतु प्रवेश स्तर की कक्षाओं में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। सरकार जल्द ही पीएम श्री स्कूलों की तर्ज पर सीएम श्री स्कूल शुरू करेगी, जो की सीबीएसई पैटर्न पर होंगे।
शिक्षा मंत्री आज विधानसभा में बजट सत्र के दौरान एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
मंत्री ने कहा कि पिछले शैक्षणिक सत्र में शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आर.टी.ई.) के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश हेतु कुल 14,127 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 11,803 सफल आवेदकों को निजी विद्यालय आवंटित किए गये।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आर.टी.ई. के तहत दाखिले के लिए परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम होना अनिवार्य है। सभी स्कूलों से खाली सीटों का ब्यौरा पोर्टल पर मंगवाया जाता है और प्राप्त आवेदनों के आधार पर ही दाखिले दिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि केवल निजी स्कूल ही विकल्प नहीं हैं, गरीब बच्चे सरकारी स्कूलों में भी पढ़ रहे हैं।
