हरियाणा के मुख्यमंत्री के निर्णय से हिसार को मिली बड़ी सौगात, 300 बेड के नए सिविल अस्पताल का रास्ता हुआ साफ : डॉ. कमल गुप्ता
हिसार, 16 सितम्बर। पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने हिसार शहर को 300 बेड के आधुनिक सिविल अस्पताल की सौगात मिलने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए इसे शहर के स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय बताया है।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि कुछ दिन पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भेंट कर हिसार के समग्र विकास से संबंधित 13 महत्वपूर्ण मांगें रखी थीं। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि प्रदेश सरकार ने उन मांगों में से एक महत्वपूर्ण मांग को स्वीकृति प्रदान करते हुए एयरपोर्ट चौक के निकट 21 एकड़ 3 कनाल 16 मरला भूमि स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित कर दी है, जहां 300 बेड का अत्याधुनिक सिविल अस्पताल बनाया जाएगा।
पूर्व मंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल हिसार शहर ही नहीं, बल्कि आदमपुर, बरवाला, हांसी, अग्रोहा तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। नए अस्पताल के बनने से आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार के विकास से जुड़ी शेष 12 मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर उन्हें धरातल पर उतारेंगे। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री का पुनः आभार व्यक्त करते हुए हिसार की जनता को हार्दिक बधाई दी और कहा कि प्रदेश सरकार विकास के संकल्प को निरंतर गति दे रही है।
