हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महेंद्रगढ़ से 17 को करेंगे अभियान की शुरुआत, पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष सेवा के पूर्ण होने पर चलेगा विशेष अभियान
चंडीगढ़, 15 सितंबर— हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा है। उनके जन्मदिवस को इस बार सेवा संकल्प माह के रूप में मनाया जाएगा और हरियाणा में इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी महेंद्रगढ़ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से करेंगे।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री मंगलवार को नारनौल में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्री नरेंद्र मोदी 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और पिछले 12 वर्षों से लगातार देश के प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल को देश के नागरिकों ने पूरी तरह अपनाया है, और यही वजह है कि जनता लगातार श्री नरेंद्र मोदी को देश सेवा का अवसर दे रही है।
राव नरबीर ने कहा दक्षिणी हरियाणा से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव रहा है। 13 सितंबर को नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में घोषित किया गया था और ठीक दो दिन बाद, 15 सितंबर को रेवाड़ी में एक विशाल जनसभा आयोजित हुई थी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल लक्ष्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना है। इसी उद्देश्य से इस अभियान के दौरान सरकारी सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 12 अलग-अलग मॉडल तैयार किए गए हैं।
