Haryana News: हरियाणा में सीएम सैनी ने किया बड़ा ऐलान, सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन स्थल बनाएगी सरकार

दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अहम पहलू यह है कि इसी ब्रह्मसरोवर और आस-पास लगभग 102 एकड़ में फैले इस तीर्थ पर देश विदेशों से प्रवासी पक्षी भ्रमण के लिए आते हैं, जो इसके महत्व को दर्शाने का काम कर रहे हैं। इसके लिए प्रदेश की सरकार तीर्थों का जीर्णोद्घार कर उन्हें संजोकर रखने का काम कर रही है ताकि आने वाली भावी पीढ़ी इस सांस्कृतिक धरोहर को देख सके।
गांव के विकास के लिए दिए जाएंगे 21 लाख रुपये
दरअसल, मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र के गांव थाना स्थित ब्रह्मसरोवर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर तीर्थ का निरीक्षण किया और राजकीय स्कूल के प्रागंण में पौधा रोपण भी किया। इस दौरान गांव के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने 21 लाख रुपए अनुदान राशि देने की घोषणा की और सरपंच द्वारा मांगपत्र पर मुख्यमंत्री ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
नेशनल हाइवे से जुड़ा हुआ है हरियाणा का हर जिला
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गति से विकास कार्य कर रही है। आज प्रदेश में एक कोने से दूसरे कोने में जाने के लिए बनाए गए नेशनल हाईवे से 3 से 4 घंटे में सफर पूरा हो जाता है। ऐसा कोई जिला नहीं बचा है जो नेशनल हाईवे से नहीं जुड़ा हो।
500 गज तक की पंचायती जमीन पर मिलेगा मालिकाना हक
उन्होंने कहा कि पंचायती जमीन पर 20 सालों से मकान बनाकर रहने वाले लोगों को 2004 के कलेक्टर रेट पर 500 गज तक की भूमि उनके नाम करने का कानून बनाया गया है। इससे गांवों में चल रहे कोर्ट केस भी समाप्त हो गए। अंग्रेजों के समय से किसानों पर लग रहे अबियाने को जड़ से समाप्त किया गया और अबियाने की 133 करोड़ रुपए की राशि को भी प्रदेश सरकार ने माफ करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश में हरियाणा पहला राज्य है जहां पर किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाता है, साथ ही किसानों की सब्जी की फसल को भावांतर भरपाई योजना के तहत खरीदा जा रहा है।