Haryana: हरियाणा में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना में बदलाव, अब खाते में आएंगे 1100 रुपये
चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि योजना की कुल 2100 रुपये की राशि में से 1000 रुपये सरकार द्वारा संचालित आवर्ती जमा (RD) या सावधि जमा (FD) खाते में जमा किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह राशि पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और लाभार्थी महिला की मृत्यु की स्थिति में नॉमिनी को तुरंत दे दी जाएगी।
8.63 लाख महिलाओं को 181 करोड़ की तीसरी किस्त
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में महिला सशक्तिकरण को लेकर कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में हरियाणा सरकार द्वारा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना लागू की गई है। इसके तहत 8 लाख 63 हजार 918 लाभार्थी महिलाओं के खातों में 181 करोड़ रुपये की तीसरी किस्त जारी की गई है। अब तक तीन किस्तों में कुल 441 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है।
इन महिलाओं को भी मिलेगा योजना का लाभ
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि योजना का लाभ उन बच्चों की माताओं को भी दिया जाएगा, जिन्होंने सरकारी स्कूलों में कक्षा 10 या 12 की बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा, कक्षा 1 से 4 तक निपुण भारत मिशन के तहत निर्धारित दक्षता हासिल करने वाले बच्चों की माताएं भी योजना की पात्र होंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन माताओं ने अपने बच्चों को गंभीर या मध्यम कुपोषण की श्रेणी से बाहर निकालने में सफलता हासिल की है, उन्हें भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा।
कृषि से जुड़ी 5 योजनाओं के लिए 659 करोड़ रुपये जारी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र से जुड़ी पांच योजनाओं के लिए कुल 659 करोड़ रुपये जारी करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पराली न जलाने वाले 5 लाख 54 हजार से अधिक किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 461 करोड़ 75 लाख रुपये दिए गए हैं।
इसके अलावा, किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन मशीनें खरीदने के लिए 85 करोड़ 10 लाख रुपये की सब्सिडी दी गई है। धान की सीधी बुआई करने वाले 31 हजार 605 किसानों को 75 करोड़ 54 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।
‘मेरा पानी मेरी विरासत’ योजना के तहत 13 हजार 500 किसानों को 15 करोड़ 75 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं, जबकि आलू और फूलगोभी की खेती करने वाले 4 हजार 73 किसानों को भावांतर भरपाई योजना के अंतर्गत 20 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।
पंजाब की राजनीति पर बोले मुख्यमंत्री सैनी
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की तरह पंजाब में भी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में दोनों दलों की नीतियां जनहित के अनुरूप नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब में बाढ़ आने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल द्वारा अलग-अलग सहायता राशि की घोषणाएं की गईं, जिससे भ्रम की स्थिति बनी। मुख्यमंत्री ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए पराली जलाने के मुद्दे पर पंजाब और हरियाणा के किसानों को बदनाम किया।
