Haryana: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार से अमृतसर तक रेल विस्तार के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखा पत्र
Apr 3, 2026, 20:29 IST
हिसार, 03 अप्रैल: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने हिसार और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए अमृतसर तक रेल विस्तार के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने हिसार से लुधियाना जाने वाली ट्रेन का विस्तार अमृतसर तक करने की मांग करते हुए कहा कि हिसार से लुधियाना के लिए वर्तमान में कई ट्रेनें (संख्या 54603, 54605, 54633, 54365 और 54631) संचालित हो रही हैं।
क्षेत्र के विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने उनसे मुलाकात कर इन ट्रेनों में से किसी एक का मार्ग अमृतसर तक बढ़ाने की मांग की है। वर्तमान में इस रूट पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी यात्रा करते हैं, जिन्हें सीधी ट्रेन न होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि जनता की भावनाओं और सुविधा को देखते हुए इस प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए। यदि लुधियाना तक जाने वाली इन पैसेंजर ट्रेनों में से किसी एक को अमृतसर तक बढ़ा दिया जाता है, तो इससे न केवल हिसार बल्कि पूरे पश्चिमी हरियाणा के लोगों को स्वर्ण मंदिर (अमृतसर) दर्शन व अन्य ऐतिहासिक स्थलों के लिए अतिरिक्त कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
