Haryana: हरियाणा से बिहार के लिए शुरू होगी बस सेवा, कामगारों को मिलेगी बड़ी राहत

 
h
Haryana News: बिहार से हरियाणा में आकर काम कर रहे लाखों श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर है। अब त्योहारों और अन्य खास मौकों पर अपने घर जाने के लिए उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। छठ पूजा की तर्ज पर हरियाणा के शहरों से बिहार के लिए नियमित बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए बिहार के परिवहन विभाग ने हरियाणा परिवहन विभाग से औपचारिक रूप से संपर्क किया है।

फिलहाल हरियाणा से बिहार के लिए कोई सीधी बस सेवा नहीं है। ऐसे में बिहार के लोगों को ट्रेन या फिर दिल्ली से चलने वाली बसों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते हैं। पिछले साल छठ पूजा के दौरान पहली बार हरियाणा से बिहार के लिए विशेष बसें चलाई गई थीं, जिन्हें यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था।

ट्रायल सफल, अब नियमित सेवा की तैयारी
छठ पूजा के दौरान किए गए सफल ट्रायल के बाद अब उन शहरों से फिर से बसें चलाने की योजना है, जहां बिहार से आए लोगों की संख्या अधिक है। सबसे पहले गुरुग्राम से बिहार के लिए बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव है, क्योंकि गुरुग्राम और आसपास के जिलों में बड़ी संख्या में बिहारी कामगार रहते हैं। इसके बाद अन्य शहरों को भी इस योजना में शामिल किया जा सकता है।

मार्च तक 9 शहरों में आएंगी इलेक्ट्रिक बसें
इसी बीच हरियाणा के सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार इलेक्ट्रिक बसों की संख्या भी बढ़ाने जा रही है। हरियाणा परिवहन विभाग ने नौ शहरों में इलेक्ट्रिक बसें चलाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है। परिवहन विभाग के महानिदेशक प्रदीप कुमार ने बताया कि अगली परचेज कमेटी की बैठक में बस खरीद का प्रस्ताव रखा जाएगा।

मंजूरी मिलने के बाद मार्च तक इलेक्ट्रिक बसें डिपो में पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल इन नौ शहरों में केवल पांच-पांच इलेक्ट्रिक बसें भेजी गई थीं, जबकि प्रस्ताव के तहत प्रत्येक शहर में 50-50 इलेक्ट्रिक बसें तैनात की जानी हैं।