Haryana Budget 2026: हरियाणा के 71 शहरों में सेक्टर विकसित करने की तैयारी, जमीनों के रेट छूएंगे आसमान
चण्डीगढ, 2 मार्च - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में विभाग ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण तथा विभिन्न मेट्रो प्राधिकरणों को ईडीसी से 3,200 करोड़ रुपए की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रदान की गई है। वर्ष 2026-27 में ईडीसी से 4,000 करोड़ रुपए तथा आईडीसी से 1,200 करोड़ रुपए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण तथा गुरूग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पंचकूला और हिसार के विकास प्राधिकरणों के विकास कार्यों के लिए देने की घोषणा करी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जिनके पास वित मंत्री का भी प्रभार है विधानसभा में बजट पेश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष गुरूग्राम महानगर विकास प्राधिकरण का बजट 3,555 करोड़ रुपए है। सड़क अवसंरचना के लिए 1,263 करोड़ रुपए तथा जल आपूर्ति सीवरेज एवं ड्रेनेज परियोजनाओं के लिए 1,477 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से कार्य किए जाएंगे। उन्होंने वर्ष 2025 -26 के संशोधित अनुमान 370.93 करोड़ रुपए को 50.05 प्रतिशत से बढ़ाकर वर्ष 2026 -27 में 556.61 करोड़ रुपए करने की घोषणा करी।
पंचकूला (पीएमडीए) का बजट 829 करोड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण का बजट 829 करोड़ है। सेक्टर 23 से एनएच-7 की और जाने वाली बाहरी सड़क के लिए 30 करोड़ की लागत से नाडा चौक में एचएल पुल सहित दूसरी लेन का निर्माण कार्य इस वर्ष में ही शुरू किया जाएगा। पिंजौर-कालका शहरी परिसर के सेक्टर 2, 3, 4 और 5 के बेहतर कनेक्टिविटी के लिए बुर्ज कोटिया और एचएमटी क्लब के पास 80 करोड की लागत से एनएच-5 पर 2 फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरूग्राम में सैकड़ों ऐसी लाइसेंस कॉलोनी आबाद है जिनमें आने-जाने के लिए कहीं पर सिर्फ दो, कहीं पर चार करम के रास्ते हैं। लाखों परिवार इस समस्या से पीड़ित है। इस समस्या का पुख्ता हल 2026-27 में निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरूग्राम के मास्टर प्लान-2001 के तहत सैकड़ों कॉलोनियों को लाइसेंस दिए उनमें कोई समस्या नहीं आई।, क्योंकि एचएसवीपी ने मास्टर प्लान-2021 अनुसार सभी सेक्टरों की आंतरिक सड़के 18 मीटर भूमि अधिग्रहण करके बनाई। उसके बाद 24 मीटर चौड़ी सड़के बनाई, लेकिन सेक्टर 58 से 115 में बसी सैंकड़ों कालोनियों में 24 मीटर की सड़क नहीं बनाई जा सकी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 व वर्ष 2021 में संशोधित टीडीआर पॉलिसी लागू की गई, जिसके तहत अब तक 140 एकड़ जमीन ही मिली है। अब 24 मीटर की सड़कों के विकास के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इस पर होने वाले खर्च की भरपाई संबंधित बिल्डरों से की जाएंगी।
गुरुग्राम में दशक से लंबित ग्रेटर सदर्न पेरिफेरल रोड परियोजना पुनर्जीवित
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में लगभग दशक से लंबित ग्रेटर सदर्न पेरिफेरल रोड परियोजना को पुनर्जीवित किया गया है। 14 गांवों में फैली लगभग 671 एकड अधिसूचित ़भूमि के लिए शीघ्र ही अवार्ड घोषित किया जाएगा। लगभग 21 किलोमीटर लंबी सड़क सेक्टर-58 से मानेसर तक विकसित होकर नए गुरूग्राम के लिए बाहरी रिंग रोड का कार्य करेगी।
यूपी के नए जेवर एयरपोर्ट से फरीदाबाद के विकास की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद के नहर पार क्षेत्र में शेष बची हुई लगभग 260 किलोमीटर लम्बी सेक्टर डिवाइडिंग मॉस्टर सड़कों के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा कुछ और चुनिंदा प्रस्ताव भी हैं। उत्तर प्रदेश में नए जेवर एयरपोर्ट के बनने से फरीदाबाद के विकास की अपार संभावनाएं बनी हैं। इस क्षेत्र को एक विशेष ग्लोबल ग्रोथ जोन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए फरीदाबाद और पलवल के 12,800 हैक्टेयर्स के क्षेत्र को विकास हेतु नियोजित किया जाएगा। गुरुग्राम तथा सोहना के बीच के क्षेत्र के लिए भी विकास योजना तैयार की जाएगी। पलवल-पृथला तथा गोहाना के मॉस्टर प्लान परिप्रेक्ष्य वर्ष 2041 के लिए तैयार किए जाएंगे। बहोली व हथीन 2031 तथा रतिया 2041 के प्रारूप अनुसार विकास योजनाएं भी तैयार की जाएंगी।
13 नगरों में 40,126 एकड़ भूमि खरीद प्रक्रिया शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा ई भूमि पोर्टल के माध्यम से राज्य के सेक्टरों के विकास हेतु लगभग 1 लाख 67 हजार एकड़ भूमि की खरीद पर कार्य शुरू कर दिया गया है। इनमें घरौंडा, लाड़वा, पिहोवा, पृथला, रायपुररानी, टोहाना, बेरी, मतलौडा, इंद्री, फिरोजपुर झिरका, हथीन, नारनौंद, उकलाना, उचाना, भट्टू, रतिया, सफीदों तथा इसराना जैसे अनेक छोटे शहर शामिल हैं। सदन के सदस्य अपने क्षेत्र के लोगों को भूमि बेचने हेतु प्रेरित करें। गुरुग्राम में (17,358 एकड़), पिंजौर-कालका, फरीदाबाद सहित कुल 13 नगरों में 40,126 एकड़ भूमि के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही एचएसवीपी, एचएसआईआईडीसी तथा अन्य विभागों द्वारा लैंड पूलिंग योजनाएं भी शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद (बड़खल मार्ग) तक मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे से सैनिक कॉलोनी मोड़ को जोड़ते हुए 850 करोड़ रुपए की लागत से लगभग 8 किलोमीटर लम्बे एलिवेटेड मार्ग पर 5 फ्लाईओवर भी बनाए जाएगें। पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद बाटा मार्ग तक, सैनिक कॉलोनी मोड़ से बीपीटीपी चौक तक लगभग 700 करोड़ रुपए की लागत से 9 किलोमीटर लम्बा एलिवेटेड, निर्बाध संपर्क मार्ग विकसित किया जाएगा, जिसमें 4 फ्लाईओवर भी शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में यातायात प्रवाह में व्यापक सुधार करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-48 से वाटिका चौक तक साउदर्न पेरिफेरल रोड को 8-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर और वाटिका चौक पर क्लोवर-लीफ लगभग 1,065 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। वाटिका चौक से गाँव घाटा तक एसपीआर 8-लेन एलिवेटेड मार्ग 1,846 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जाएगा। लगभग 302 करोड़ रुपए की लागत से मिलेनियम सिटी सेंटर रोड़ तथा गढ़ी रेलवे क्रासिंग पर 5 फ्लाई ओवर बनाए जाएंगे।
उन्होने कहा कि बसई जलघर में लगभग 247 करोड़ रुपए की लागत से 100 एमएलडी की नई जल शोधन परियोजना तथा तीन दिन की नहरी पानी की क्षमता वाले जल भंडारण टैंक बनाए जाएंगे। चंदू बूढ़ेडा जलघर में लगभग 78 करोड़ रुपए की लागत से 100 एमएलडी क्षमता वाली छठी जल शोधन परियोजना बनाई जाएगी ताकि गुरूग्राम शहर को पर्याप्त मात्रा में पेयजल सुलभ हो सके।
