Haryana Budget 2026: हरियाणा के पिंजौर में बनेगी फिल्म सिटी, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर 

 
Haryana Budget 2026: हरियाणा के पिंजौर में बनेगी फिल्म सिटी, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर 
Haryana Budget 2026: हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बतौर वित्त मंत्री वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करते हुए पर्यटन एवं विरासत क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं।

पर्यटन एवं विरासत क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान 185.34 करोड़ रुपये की तुलना में 105.46 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए 380.80 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में हरियाणा को फिल्म निर्माण एवं डिजिटल मीडिया का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 में पिंजौर में एक आधुनिक फिल्म सिटी स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस परियोजना से प्रदेश में निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

“भारत की सभ्यतागत धरोहर के केंद्र” की परिकल्पना के अंतर्गत पानीपत की ऐतिहासिक युद्धभूमि पर 16 एकड़ भूमि में एक भव्य युद्धभूमि व्याख्या केंद्र विकसित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, फरीदाबाद स्थित हरियाणा के सबसे पुराने अरावली गोल्फ कोर्स को आधुनिक मानकों के अनुरूप उन्नत कर विश्वस्तरीय रिक्रिएशन एवं स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों से हरियाणा की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन क्षमता को नया आयाम मिलेगा तथा राज्य पर्यटन मानचित्र पर एक सशक्त पहचान स्थापित करेगा।