Haryana : हरियाणा में एक दर्जन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस व सुरक्षा टीमें मौके पर तैनात

 
Bomb threat to schools in Haryana

Haryana : गुरुग्राम के कई स्कूलों के आधिकारिक ई-मेल पर आज सुबह धमकी भरे संदेश आये। इन ई-मेल में स्कूल परिसरों के भीतर बम रखे होने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। वहीं प्रशासन और अभिभावकों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। गुरुग्राम पुलिस की विभिन्न पुलिस टीमों द्वारा स्कूलों में सघन चैकिंग की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुबह स्कूल खुलने के समय करीब एक दर्जन स्कूलों को एक साथ धमकी भरा मेल भेजा गया है। हालांकि, अब तक की चेकिंग में कोई संदिग्ध व किसी प्रकार की कोई संदिग्ध सामग्री नही मिली, प्रभावी रूप से चैकिंग प्रकिया जारी। बताया जा रहा है कि स्कूलों को फर्जी (Hoax) ईमेल विदेशी सर्वर से भेजी गई थी। 

फिलहाल गुरुग्राम पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। ई-मेल की सत्यता, उसके स्रोत तथा भेजने वाले की पहचान को लेकर साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की घबराने की आवश्यकता नहीं है।

गुरुग्राम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। गुरुग्राम पुलिस आपकी  सेवा व सुरक्षा को लेकर पूर्णतः सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।