Haryana: हरियाणा में भाजपा ने निकाय चुनाव को लेकर की प्रभारियों की नियुक्ति, देखें पूरी लिस्ट
Haryana News: हरियाणा में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका चुनावों के लिए चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। इन नियुक्तियों की सूची गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पंचकमल से जारी की गई।
नगर निगमों के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त
जारी सूची के अनुसार, पंचकूला नगर निगम के लिए मंत्री विपुल गोयल और पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। अंबाला नगर निगम की जिम्मेदारी मंत्री रणबीर गंगवा और भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता को सौंपी गई है।
वहीं सोनीपत नगर निगम के लिए मंत्री कृष्ण पंवार और हिसार के जिला प्रभारी जवाहर सैनी को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने इन नेताओं को चुनावी रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है।

नगर परिषद और नगर पालिका स्तर पर भी घोषणा
भाजपा ने नगर परिषद और नगर पालिका चुनावों के लिए भी प्रभारियों की सूची जारी की है। रेवाड़ी नगर परिषद के लिए मंत्री गौरव गौतम और प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पुनिया को चुनाव प्रभारी बनाया गया है।
उकलाना नगर पालिका की जिम्मेदारी मंत्री कृष्ण बेदी और भाजपा प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य को दी गई है।
सांपला और धारूहेड़ा के लिए भी जिम्मेदारी तय
सांपला नगर पालिका के लिए मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और रोहतक के मेयर रामअवतार वाल्मीकि को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं धारूहेड़ा नगर पालिका में मंत्री राजेश नागर और जिला प्रभारी कमल यादव को चुनाव की कमान सौंपी गई है।
