Haryana: हरियाणा पुलिस भर्ती में ओवरएज युवाओं को बड़ी राहत, कॉन्स्टेबल पदों पर 3 साल की आयु छूट मंजूर
एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आयोग से गुहार लगाई थी कि सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) तीन साल देरी से होने के कारण वे पुलिस भर्ती के लिए आयु सीमा पार कर चुके हैं। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश सरकार ने योग्य युवाओं को राहत देने का निर्णय किया है।
5,500 पदों पर चल रही है भर्ती
हरियाणा पुलिस में इस भर्ती के तहत पुरुष कॉन्स्टेबल के 4,500, महिला कॉन्स्टेबल के 600 और जीआरपी में 400 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए 11 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए थे, जो 25 जनवरी की रात 12 बजे तक जारी रहेंगे। अब तक करीब 1.90 लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 को आधार मानकर की जा रही है।
CET में देरी से बढ़ी थी परेशानी
अभ्यर्थियों का कहना था कि वर्ष 2022 के बाद लगातार तीन साल तक CET का आयोजन नहीं हो सका, जबकि यह परीक्षा हर साल होनी थी। इस दौरान 2022 और 2023 में निकली पुलिस कॉन्स्टेबल की भर्तियां भी विभिन्न कारणों से रद्द कर दी गईं। नतीजतन, कई अभ्यर्थी CET में शामिल नहीं हो पाए और अब आयु सीमा पार कर चुके थे।
युवाओं ने यह भी तर्क दिया कि उत्तर प्रदेश में इसी तरह की परिस्थितियों में उम्मीदवारों को आयु में छूट दी गई है। इस तुलना को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एचएसएससी को तीन साल की आयु छूट देने के निर्देश दिए।
