Haryana: हिसार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करों के मकान और लग्जरी गाड़ियों पर कसा शिकंजा

 
 Haryana: हिसार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करों के मकान और लग्जरी गाड़ियों पर कसा शिकंजा

 

 

 

हरियाणा के हिसार में पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। हिसार पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए उनके मकान, प्रॉपर्टी और लग्जरी गाड़ियों को फ्रीज कर दिया है।

नशीले पदार्थों की तस्करी से अवैध संपत्ति बनाने वाले एक नशा तस्कर और उसके परिजनों की करीब 69.32 लाख रुपए की संपत्ति और परिसंपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 68F(1) के तहत फ्रीज करवा दिया है।

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के अनुसार ये मामला फतेहाबाद की अग्रवाल कॉलोनी में रहने वाले आरोपी अनुज उर्फ नोजी से जुड़ा हुआ है। आरोपी मूल रूप से हिसार के पीरावली का रहने वाला है।

हिसार शहर थाना पुलिस ने आरोपी अनुज को पिछले साल 20 मार्च 2025 को 261 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच एनडीपीएस सेल के प्रभारी एएसआई (ASI)  भूप सिंह ने की। 

 

जांच के दौरान आरोपी की नशीले पदार्थों की तस्करी से अवैध संपत्ति, वित्तीय लेन-देन और संपत्ति की कड़ियों को खंगाला गया। जांच में सामने आया कि तस्कर ने नशीले पदार्थों की तस्करी कर अवैध संपत्ति से लग्जरी गाड़ियां, मकान और प्रॉपर्टी खरीदी थी। आरोपी ने अपने और  अपने परिजनों व सहयोगियों के नाम पर अवैध रूप से ये संपत्तियां बनाई थीं।

पुलिस ने आरोपी की लगभग 69.32 लाख रूपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज करवाया है। सक्षम प्राधिकारी ने भी इस फ्रीजिंग आदेश (धारा 68F(2)) पर अपनी मुहर लगा दी है। सक्षम प्राधिकारी ने आरोपी अनुज, मनु, अनीता रानी, सरवणो बाई और गोबिंद सिंह के नाम पर दर्ज संपत्तियों को अवैध कमाई मानते हुए फ्रीज किया है।
 

लग्जरी गाड़ी और 50 लाख का मकान फ्रीज 

पुलिस ने नशा तस्करों की फ्रीज की गई संपत्तियों का ब्योरा भी दिया है। फ्रीज संपत्ति में तस्कर की बस्ती भीमा (फतेहाबाद) में 8 मरला जमीन( कीमत 6 लाख रुपये) और उस पर बना दो मंजिला आलीशान घर, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये है।

 

इसके अलावा किआ सोनेट कार (कीमत ₹8.50 लाख), टीवीएस अपाचे बाइक (कीमत ₹2.50 लाख), बजाज पल्सर बाइक (कीमत ₹80,000) और कई बैंक खातों में जमा करीब ₹1.52 लाख रुपये शामिल है।