Haryana News: हरियाणा में जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान करेगी कांग्रेस, जानें कौन हैं दावेदार?

Haryana News: हरियाणा में करीब 11 साल बाद कांग्रेस में संगठन विस्तार हो रहा है। इसी के चलते हाल ही में 32 जिलाध्यक्षों का ऐलान किया गया है। अब प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देशानुसार दो महीने के गहन मंथन के बाद 32 जिलाध्यक्षों को नियुक्त किया गया है। इसमें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पक्ष के जिलाध्यक्षों की संख्या ज्यादा रही है। वहीं कांग्रेस की सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा का कद कांग्रेस हाईकमान ने बढ़ाया है।
बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान का कार्यकाल पूरा हो गया है। अब प्रदेश अध्यक्ष जैसे बड़े पद पर किसी अपने को बैठाने के लिए सभी गुटों ने जोर लगाना शुरू कर दिया है। खबरों की मानें, तो इसके लिए कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता लगातार दिल्ली की दौड़ भी लगा रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस हाईकमान ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव भी कांग्रेसी नेताओं से फीडबैक लेकर निष्पक्ष तरीके से ही किया जाएगा।
ये हैं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के दावेदार
-राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला
-अंबाला से सांसद वरुण मुलाना
- सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा
-पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव