हरियाणा में फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने 15 करोड़ रुपये की कोकीन के साथ 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी नाइजीरिया और कैमरून के मूल निवासी है और पिछले करीब 8 साल से भारत में बिना पासपोर्ट-वीजा के रह रहे थे। पुलिस तीनों आरोपियों को रिमांड में लेकर पुछताछ करेगी।
2018 में भारत आए थे आरोपी
एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी नाइजीरिया और कैमरून के मूल निवासी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह साल 2018 में भारत आए थे और पिछले करीब 3 साल से फरीदाबाद के लक्कड़पुर इलाके में किराए का मकान लेकर रह रहे थे।
आरोपी यहीं से ड्रग्स का नेटवर्क चला रहे थे। जांच में सामने आया है कि कॉलेज स्टूडेंट्स और रेव पार्टियों में ये ड्रग सप्लाई होता था। पहले इनके छोटे-छोटे पैकेट बनाए जाते, इसके बाद पैडलर्स के जरिए पहुंचाते थे।
15 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने वहां से 2.337 किलोग्राम कोकीन, 3.741 किलोग्राम अन्य मादक पदार्थ और 50,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। बरामद की गई ड्रग्स(कोकीन) की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपए आंकी गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान ये पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन आरोपियों तक कहां से पहुंची ? पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
