Haryana: कैथल में जम्मू कटरा एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, हादसे में तीन की मौत

 
 Haryana: कैथल में जम्मू कटरा एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, हादसे में तीन की मौत

हरियाणा के कैथल जिले में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां गांव खरक पांडवा में जम्मू कटरा हाईवे पर खड़े ट्रक को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान जींद के उचाना का रहने वाले ट्रक मालिक अनिल कुमार, गांव खरक पांडवा निवासी ट्रक मैकेनिक रामनिवास के रूप में हुई है। इस हादसे में दूसरे ट्रक ड्राइवर की भी मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार अनिल कुमार दिल्ली से ट्रक लेकर आ रहा था। इस दौरान उसके ट्रक में कोई तकनीकी दिक्कत आ गई। जिसके बाद उसने गांव खरक पांडवा के पास ट्रक को हाईवे के साइड में खड़ा कर दिया  और फिर मैकेनिक को कॉल कर ट्रक ठीक करने के लिए बुलाया।

बताया जा रहा है कि मैकेनिक और उसका हेल्पर ट्रक को ठीक कर रहे थे। इसी दौरान पीछे आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में अनिल कुमार, मैकेनिक रामनिवास और जिस ट्रक ने टक्कर मारी उसके ड्राइवर की मौत हो गई। वहीं हेल्पर घायल बताया जा रहा है। 

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो इस दौरान जिस ट्रक ने टक्कर मारी उसमें से नशा बरामद किया गया। ट्रक में कच्चे केले भरे हुए थे और करीब 40 कट्टों में 8 क्विंटल डोडापोस्त छुपाया हुआ था। पुलिस ने नशीले पदार्थ को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशा कहां से लाया गया और कहां ले जाया जा रहा था।

साथ ही पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। कलायत थाना के जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।