Haryana: हरियाणा के इस जिले में 14.72 करोड़ रुपये की लागत से पार्क का हुआ नवीकरण, सीएम ने किया उद्घाटन
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार में नवीकृत चौधरी देवीलाल टाउन पार्क का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। पार्क का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे हिसार शहर की सबसे बड़ी सौगात बताया और कहा कि यह पार्क स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति को एक साथ बढ़ावा देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पार्क के नवीकरण पर 14 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है। नवीनीकरण के बाद यह पार्क नागरिकों के लिए योग, प्राणायाम, जॉगिंग और अन्य शारीरिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। पार्क का विकास पंचतत्वों की अवधारणा पर किया गया है, जिसमें प्रकृति के मूल तत्वों को विशेष रूप से दर्शाया गया है।
पार्क में स्थापित सूर्य नमस्कार करती मूर्तियां लोगों को नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूर्य नमस्कार से शरीर स्वस्थ रहता है और अनेक प्रकार की बीमारियों से बचाव संभव है। साथ ही यह पार्क भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का भी माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पार्क में जॉगिंग और वॉकिंग ट्रैक विकसित किए गए हैं, जो वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और फिटनेस प्रेमियों के लिए सुरक्षित व सुविधाजनक हैं। इसके अतिरिक्त पार्क में पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए शौचालयों की समुचित व्यवस्था की गई है।
पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पार्क में औषधीय पौधों का उद्यान भी विकसित किया गया है, जो लोगों को प्राकृतिक उपचार और पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क हिसार शहर को एक अलग पहचान देगा और सरकार के “स्वस्थ हरियाणा–समृद्ध भारत” के विजन को साकार करेगा।
