Haryana : हरियाणा में 550 महिला पुलिसकर्मियों की होगी भर्ती, सरकार ने दी मंजूरी

 
The Haryana govt has approved the recruitment of women police officers.
Haryana : हरियाणा में महिलाओं के लिए एक खुशी की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने गृह विभाग को 550 महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती के लिए मंजूरी दे दी है। पंचकूला में सोमवार को विकसित भारत-सुरक्षा आयाम विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय सुरक्षा सम्मेलन में CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशे के खिलाफ और भी ठोस कदम उठाने व जागरूकता की आवश्यकता है। CM ने हरियाणा पुलिस की ओर से अपराधियों के खिलाफ चलाए गए हॉट स्पॉट डोमिनेशन अभियान को सराहा।

 12 दिनों में 2 हजार से अधिक अपराधी गिरफ्तार

CM ने कहा कि पुलिस का काम केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं बल्कि आम नागरिक के मन में सुरक्षा और न्याय का विश्वास पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि हॉट स्पॉट डोमिनेशन अभियान से 12 दिनों में 2 हजार से अधिक अपराधी गिरफ्तार किए गए। ऑपरेशन ट्रैक टाउन से 23 दिनों में 7 हजार 587 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। साथ ही 168 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई।

 550 अतिरिक्त महिला कांस्टेबल भर्ती की स्वीकृति 

गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित महानिदेशक, महानिरीक्षक में रखी गई 108 सिफारिशों में से लगभग सभी लागू की गईं। इस वर्ष 107 सिफारिशें रखी गई हैं। सीएम नायब सिंह सैनी ने महिला पुलिसकर्मियों की संख्या 15 से बढ़ाकर 25 फीसदी तक करने की घोषणा की है। सरकार ने 550 अतिरिक्त महिला कांस्टेबल की भर्ती की स्वीकृति भी दे दी है। विभाग में 5750 पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इनमें से 950 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।


डीजीपी ओपी सिंह ने तकनीक के महत्व पर बोलते हुए कहा कि अपराध संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। वर्तमान में तकनीक जैसे सीसीटीवी व अन्य उपकरणों का इस्तेमाल करके बड़े मामलों को सुलझाने में मदद मिली है। 2047 तक निश्चित तौर पर विकसित भारत के सपने को साकार करने में पुलिस विभाग का अहम योगदान होगा।