Haryana : हरियाणा के इस शहर की 34 मुख्य सड़कों की बदलेगी सूरत, करोड़ों रुपए होंगे खर्च
सुरक्षा से जुड़े उपकरण लगाए जाएंगे
GMDA के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा के अनुसार, सेक्टर-24 से सेक्टर-57 तक की मुख्य सड़कों को इस योजना में शामिल किया गया है। इन सड़कों पर फुटपाथों की मरम्मत, डिवाइडरों का सुधार और सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपकरण लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को सुरक्षित व बेहतर अनुभव मिल सके।
उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है और अगले डेढ़ महीने में आवंटन पूरा कर काम शुरू कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि अगले छह महीनों में इन सड़कों की स्थिति में स्पष्ट सुधार नजर आए।
इसके अलावा सेक्टर-3 और सेक्टर-5 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की सर्विस रोड की भी मरम्मत की जाएगी। वर्तमान में इसकी स्थिति खराब होने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, भविष्य में इस मार्ग पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के संचालन की योजना है, जिससे सर्विस रोड पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए जीएमडीए ने मरम्मत कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर आवंटन के एक वर्ष के भीतर सर्विस रोड को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा।
