Haryana : हरियाणा के 19 तालाबों का होगा कायाकल्प, जल्द जारी होगा टेंडर 

 
19 ponds in Haryana will be rejuvenated
Haryana : हरियाणा के गुरुग्राम नगर निगम ने 19 तालाबों के नवीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। निगम क्षेत्र में कुल 74 तालाब चिह्नित किए गए थे, जिनमें से 55 तालाबों पर पहले ही विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। अब शेष बचे 19 तालाबों को भी विकसित करने की योजना बनाई गई है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इन तालाबों की सफाई कर उनमें जमा गाद निकाली जाएगी और साफ पानी भरा जाएगा। 

बनेंगे फुटपाथ ट्रैक 

इसके साथ ही तालाबों में गांवों और सीवर की गंदगी जाने से रोकने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा तालाबों के आसपास फुटपाथ ट्रैक तैयार किए जाएंगे और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण भी किया जाएगा। निगम द्वारा इन कार्यों को टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से एजेंसियों को सौंपा जाएगा। 

इसके लिए एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी दी जा चुकी है और जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि इन तालाबों को बरसाती नालों से जोड़ा जाएगा, ताकि वर्षा के पानी का संचयन हो सके और पूरे साल तालाबों में पानी बना रहे।

इन गांवों के तालाबों पर चल रहे विकास कार्य

नगर निगम के जेई अखलाक के अनुसार धनवापुर, बजघेड़ा, धनकोट, कादीपुर, मैदावास और सराय अलावर्दी गांवों में तालाबों के विकास कार्य पहले से चल रहे हैं। वहीं, उल्लावास और भोंडसी गांव के तालाबों की सफाई करवाने, फुटपाथ ट्रैक की मरम्मत करने और हरियाली बढ़ाने के लिए एस्टीमेट को मंजूरी दी जा चुकी है।

मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य

नगर निगम के जेई हिमांशु ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं के लिए अब टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एजेंसियों के चयन के बाद कार्य तेजी से शुरू कर दिए जाएंगे। लक्ष्य है कि मानसून से पहले सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि वर्षा के पानी का अधिकतम उपयोग किया जा सके।

जानें कितना आएगा खर्च

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक तालाब के विकास और जीर्णोद्धार पर लगभग 35 से 40 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। तालाबों के पुनर्जीवन से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भूजल स्तर को रिचार्ज करने में भी मदद मिलेगी।