Haryana : एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए हरियाणा के 14 पहलवान चयनित, जानें कब होंगे मुकाबले 

 
14 Wrestlers from Haryana Selected for the Indian Team

Haryana : लखनऊ के साई सेंटर में भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) की ओर से मंगलवार को सीनियर एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय कुश्ती टीम के चयन को लेकर ट्रायल आयोजित किए गए। इसमें प्रदर्शन के आधार पर 20 सदस्यीय टीम (10 फ्रीस्टाइल और 10 ग्रीको-रोमन) का चयन किया गया। इनमें हरियाणा के सबसे ज्यादा 14 पहलवान शामिल हैं।

चयनित भारतीय टीम बिश्केक (किर्गिस्तान) में 6 से 12 अप्रैल तक होने वाली सीनियर एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में पदकों के लिए जोर आजमाइश करेगी। चयन प्रक्रिया से पूर्व सुबह पहलवानों का वजन किया गया जिसके बाद तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में मुकाबले आयोजित हुए। प्रदर्शन की बात करें तो फ्रीस्टाइल वर्ग के 61 किलोग्राम (किग्रा) भार वर्ग में भारतीय टीम में शामिल ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण के प्रबल दावेदार होंगे।

इसके अलावा फ्रीस्टाइल के 65 किग्रा में सुजीत कुमार भी पदक के लिए तगड़ी चुनौती पेश करेंगे। ग्रीको रोमन वर्ग में 97 किग्रा में नितेश और 87 किग्रा में सुनील कुमार एशियाई कुश्ती में पदक के लिए ताल ठोकेंगे।

हरियाणा के पहलवानों में ग्रीको रोमन में 60 किग्रा में साहिल, 72 किग्रा में अनिल, 82 किग्रा में प्रिंस और 130 किग्रा में जोगिंदर राठी दंगल में उतरने के लिए भारतीय टीम में चयनित हुए हैं। इसी तरह फ्रीस्टाइल में 65 किग्रा में सुजीत, 70 किग्रा में अभिमन्यु, 74 किग्रा में जयदीप व पुनीत कुमार और 125 किग्रा में दिनेश का चयन हुआ है। फ्रीस्टाइल में हरियाणा मूल के दो पहलवान 61 किग्रा में अमन सहरावत और ग्रीको रोमन में सेना की टीम में खेलने वाले 67 किग्रा में पहलवान सचिन सहरावत का चयन हुआ है।