गुरुग्राम के विकास कार्यों में आएगी तेजी, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

 
गुरुग्राम के विकास कार्यों में आएगी तेजी, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

चंडीगढ़, 12 सितंबर-हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्यिक मंत्री राव नरबीर सिंह ने शनिवार को गुरुग्राम के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में नगर निगम क्षेत्र में चल रहे, पूरे हो चुके तथा आगामी विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई। मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम के विभिन्न वार्डों में बड़ी संख्या में सड़क, सीवर, ड्रेनेज, जलापूर्ति तथा अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्य चल रहे हैं। वार्ड-1 से वार्ड-18 तक जारी कार्यों की कुल राशि 366.40 करोड़ रुपए है।

 

*सड़क निर्माण में लेवलिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश*

 

उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के दौरान रोड लेवल का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि बारिश के समय सड़कों पर पानी जमा न हो। उन्होंने कहा कि सड़क का लेवल आसपास के क्षेत्र एवं ड्रेनेज व्यवस्था के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने सीवर मेनहोल के ढक्कनों का लेवल भी सड़क के बराबर रखने के निर्देश दिए, ताकि सड़क पर ऊंचे-नीचे मेनहोल के कारण नागरिकों को परेशानी न हो और जल निकासी व्यवस्था भी प्रभावित न हो।

 

*जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज परियोजनाओं पर जोर*

 

बैठक में शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चल रहे विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की गई। इंजीनियरिंग रिपोर्ट के अनुसार वार्ड-9 में यूरो स्कूल से जीएमडीए बस स्टैंड तथा बसई रोड से अल्पाइन स्कूल और कृष्णा नगर तक आरसीसी स्टॉर्म वाटर ड्रेन का कार्य 4.22 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है, जिसकी निर्धारित पूर्णता तिथि 16 दिसंबर 2026 है। इसी वार्ड में उमंग भारद्वाज चौक से गाडोली पुलिया तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन की सफाई एवं डी-सिल्टिंग तथा एचपी पंप से गाडोली पुलिया तक पाइप ड्रेन को बॉक्स ड्रेन में बदलने का कार्य 1.69 करोड़ रुपए की लागत से जारी है, जिसकी पूर्णता तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित है। वार्ड-16 में भी उप्पल साउथएंड क्षेत्र की इंटरनल स्टॉर्म वाटर ड्रेनों को मास्टर ड्रेन से जोड़ने, लो-लाइंग क्षेत्र में मोटर लगाने तथा वेगा स्कूल से जीएमडीए मास्टर ड्रेन तक आरसीसी बॉक्स टाइप स्टॉर्म वाटर ड्रेन के निर्माण का कार्य 1.80 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है।

 

*सड़क निर्माण एवं मॉडल रोड परियोजनाओं पर भी फोकस*

 

बैठक में सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। वार्ड-15 में बानी स्क्वायर मार्केट से साउथ सिटी-2 के एफ-ब्लॉक मार्केट स्थित वार्ड पार्षद कार्यालय तक आरसीसी मॉडल रोड, फुटपाथ एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज का कार्य 1.83 करोड़ रुपए की लागत से चल रहा है और इसकी पूर्णता तिथि 25 सितंबर 2026 निर्धारित है। इसी वार्ड में साउथ सिटी-2 ए-ब्लॉक से निर्वाणा कंट्री मुख्य सड़क तक मॉडल रोड के पुनर्निर्माण का कार्य 4.56 करोड़ रुपए तथा एस्पायर रोड से बानी स्क्वायर रोड तक निर्वाणा कंट्री मुख्य मार्ग के पुनर्निर्माण का कार्य लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से जारी है। इन कार्यों की निर्धारित पूर्णता तिथियां क्रमशः जनवरी और फरवरी 2027 हैं।

 

*समय सीमा और गुणवत्ता से समझौता नहीं*

 

उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को केवल शुरू करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्ध पूर्णता पर भी समान रूप से ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से सड़क और ड्रेनेज परियोजनाओं में आपसी समन्वय रखते हुए कार्य करने पर जोर दिया, ताकि एक कार्य पूरा होने के बाद दूसरे कार्य के कारण सड़क को दोबारा न खोदना पड़े।

 

बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका, रविन्द्र यादव, डॉ जयवीर यादव व कुशल  अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।