9 से 17 अगस्त तक गुरुग्राम में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत होंगे विविध कार्यक्रम, जनभागीदारी से मनाया जाएगा आजादी का उत्सव : डीसी उत्तम सिंह
गुरुग्राम, 5 अगस्त।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का भाव विकसित करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान को विशेष रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समर्पित किया गया है।
डीसी ने कहा कि अभियान के दौरान जिले के सभी गांवों, शहरों और वार्डों में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, स्वयंसेवी संगठनों, युवा एवं खेल क्लबों तथा सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों, कार्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागिता निभाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं को अभियान का प्रमुख भागीदार बनाया जाएगा। स्कूलों और महाविद्यालयों में राष्ट्रध्वज, स्वतंत्रता आंदोलन और ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व पर आधारित प्रदर्शनी, निबंध लेखन, चित्रकला, भाषण, प्रश्नोत्तरी तथा देशभक्ति गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और उनके योगदान पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जाएगा।
डीसी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले में तिरंगा यात्राएं, बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां भी निकाली जाएंगी। इन रैलियों को स्थानीय शहीद स्मारकों, स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ते हुए ऐसे मार्ग निर्धारित किए जाएंगे, जिससे लोगों को अपने क्षेत्र के वीर सपूतों के योगदान को जानने और समझने का अवसर मिले।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक पार्क, पुस्तकालय, सभागार, विद्यालय, महाविद्यालय तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर देशभक्ति से प्रेरित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। साथ ही ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल से जोड़ने का विशेष प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में तिरंगे के साथ अपनी तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड कर राष्ट्रप्रेम का संदेश प्रसारित करने की अपील की। डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारी आन-बान और शान का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को ध्वज संहिता का पूर्ण पालन करते हुए तिरंगे का सम्मान बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त अथवा गंदे राष्ट्रीय ध्वज का उपयोग नहीं किया जाए तथा अभियान पूर्ण होने के बाद तिरंगे को सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जाए।
