खरीफ 2026 के लिए हरित खाद को बढ़ावा, किसानों को मिलेगा 1000 रुपये प्रति एकड़ अनुदान :-उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक, 11 अप्रैल : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला रोहतक में खरीफ 2026 के तहत भूमि की उर्वरता बढ़ाने तथा रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से हरित खाद के रूप में ढैंचा/जन्तर, मूंग आदि फसलों का प्रयोग किया जा सकता है। हरी खाद उगाने के इच्छुक किसान मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 15 अप्रैल तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर अनुदान का लाभ ले सकते है। जिला में हरी खाद उत्पादन के लिए 20 हजार एकड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सचिन गुप्ता ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा हरी खाद उत्पादन के लिए जिला में 20,000 एकड़ का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना के अंतर्गत किसान ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं, जिसकी अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को पंजीकरण के बाद खुले बाजार से बीज खरीदना होगा तथा बिजाई की गई फसल का फोटो ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इस योजना के तहत सरकार द्वारा किसानों को 1000 रुपये प्रति एकड़ की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि हरी खाद वाली फसलें विशेष रूप से नाइट्रोजन को स्थिर करने में सहायक होती हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरता प्राकृतिक रूप से बढ़ती है। इसके साथ ही मिट्टी में जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ती है, जल धारण क्षमता में सुधार होता है, खरपतवार नियंत्रण में सहायता मिलती है तथा रासायनिक उर्वरकों की आवश्यकता कम होती है। हरी खाद के उपयोग से किसानों की लागत में कमी आती है और फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होती है। उन्होंने जिला के सभी किसानों का आह्वान किया है कि वे हरित खाद का अधिक से अधिक प्रयोग करें और हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं। इस संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए किसान स्थानीय कृषि उपनिदेशक कार्यालय, उप मंडल कृषि अधिकारी तथा संबंधित खंड कृषि अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
