राजकीय आईटीआई भिवानी में भव्य दीक्षांत समारोह, 24 ट्रेडों के 72 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित

 
राजकीय आईटीआई भिवानी में भव्य दीक्षांत समारोह, 24 ट्रेडों के 72 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित


भिवानी, 21 नवंबर। राजकीय आईटीआई के प्रांगण में शनिवार को वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्रधानाचार्य जयदीप कादयान ने की। समारोह में शहर के प्रतिष्ठित उद्यमी एवं बजाज शोरूम के डायरेक्टर विक्रांत वासन ने मुख्य अतिथि तथा अभिनंदन वासन ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान में संचालित 24 व्यवसायिक ट्रेडों की शैक्षणिक व प्रायोगिक परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 72 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि विक्रांत वासन व प्रधानाचार्य जयदीप कादयान ने विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रशस्ति-पत्र तथा उपहार स्वरूप वाटर बॉटल भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।

तकनीकी कौशल से खुलते हैं रोजगार के द्वार : विक्रांत वासन

मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए मुख्य अतिथि विक्रांत वासन ने कहा कि वर्तमान युग तकनीकी कौशल का है। आईटीआई से प्राप्त व्यावहारिक ज्ञान युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर खोलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल प्रमाण-पत्र तक सीमित न रहें, बल्कि बदलती तकनीक के साथ निरंतर अपने कौशल को निखारें और उद्योगों की आधुनिक मांग के अनुरूप खुद को तैयार करें।

गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आत्मनिर्भरता मुख्य लक्ष्य : प्रधानाचार्य

संस्थान के प्रधानाचार्य जयदीप कादयान ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उच्च स्तरीय व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन मेधावियों का अनुशासन व समर्पण अन्य प्रशिक्षुओं के लिए भी प्रेरणा बनेगा।