जिला युवा महोत्सव-2026 का भव्य समापन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से युवाओं ने मोहा सबका मन

 
जिला युवा महोत्सव-2026 का भव्य समापन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से युवाओं ने मोहा सबका मन


हिसार, 20 नवंबर ।चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव-2026 का शुक्रवार को उत्साह और उमंग के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। महोत्सव के दौरान दोपहर पूर्व आयोजित कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कंबोज ने शिरकत कर युवाओं का उत्साहवर्धन किया, जबकि दोपहर बाद आयोजित समापन समारोह में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार पवन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर राजकीय आईटीआई हिसार के प्रधानाचार्य रविंद्र झोरड़ ने अतिथियों का स्वागत किया।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. बीआर कंबोज ने युवाओं को कौशल विकास, चरित्र निर्माण और नशा मुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि देश का विकास तभी संभव है, जब युवा स्वस्थ, शिक्षित और हुनरमंद होंगे। युवाओं में ज्ञान होना चाहिए, नशा नहीं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को सही मार्गदर्शन और कौशल प्रदान कर उसकी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग राष्ट्र निर्माण में किया जा सकता है। उन्होंने महोत्सव की थीम नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने जीवन में ज्ञान, कौशल, साहस और अच्छे चरित्र को प्राथमिकता देनी चाहिए। स्वतंत्रता संग्राम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि देश के लोगों ने आजादी के लिए अदम्य साहस और संकल्प के साथ संघर्ष किया। आज के युवाओं को भी उसी भावना से देश की तरक्की में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, जय युवा, जय भारत का नारा देते हुए कविता के माध्यम से युवाओं का उत्साहवर्धन किया। साथ ही प्रतियोगिताओं का निरीक्षण कर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।
रजिस्ट्रार पवन कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और राष्ट्र की उन्नति में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से पूरी तरह दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मकता को शिक्षा, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और मेहनत व अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
प्रधानाचार्य रविंद्र झोरड़ ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी कला और कौशल प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। उन्होंने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिले के सभी राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्यों, कार्यक्रम संचालन से जुड़े अधिकारियों, वर्ग अनुदेशकों, अनुदेशकों, महिला अनुदेशकों और समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। जिला युवा महोत्सव के दौरान ग्रुप फोक डांस, कविता लेखन, पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, ग्रुप म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट और ग्रुप सॉन्ग सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता से दर्शकों को प्रभावित किया। विभिन्न विधाओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।