सरकारी कार्यालय प्रशासन की सकारात्मक कार्य संस्कृति का परिचायक : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने किया लघु सचिवालय परिसर के दोनों फेज का निरीक्षण
डीसी ने दिए निर्देश-लघु सचिवालय परिसर में साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दें अधिकारी
डीसी ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यालयों का लिया जायजा, कर्मचारियों को व्यवहार कुशलता और समयबद्ध कार्य निष्पादन के दिए निर्देश
झज्जर, 05 अगस्त।
डीसी वर्षा खांगवाल ने बुधवार को लघु सचिवालय परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यालयों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने कहा कि स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिक हितैषी कार्यालय प्रशासन की सकारात्मक कार्य संस्कृति का परिचायक होते हैं। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करें, जिससे शासन की जनहितकारी सेवाओं का लाभ नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से समय पर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए।
आमजन को स्वच्छता, सुव्यवस्थित व्यवस्था प्रदान करना हर विभाग का दायित्व
डीसी ने कहा कि लघु सचिवालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक अपने विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में परिसर की स्वच्छता, सुव्यवस्थित व्यवस्था और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालयों के भीतर और बाहर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की गंदगी या अव्यवस्था दिखाई नहीं देनी चाहिए।
नागरिकों के साथ विनम्र, व्यवहारकुशल रवैया अपनाएं अधिकारी-कर्मचारी
विभिन्न विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण करते हुए डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे आमजन के साथ विनम्र, व्यवहारकुशल और सहयोगात्मक रवैया अपनाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक अनुभव मिलना चाहिए।
कार्यालय परिसर के रखरखाव, रिकॉर्ड की हो सुव्यवस्थित व्यवस्था
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय परिसरों के रखरखाव, रिकॉर्ड की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। यदि कहीं किसी प्रकार की कमी दिखाई देती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, नगराधीश रितु, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी सुमित कुमार सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
