गोस्वामी तुलसीदास जी ने समाज को आईना दिखाकर किया एकजुट व अनुशासित: कृष्ण कुमार बेदी
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने हरियाणा दशनाम गोस्वामी समाज सभा को धर्मशाला निर्माण कार्य के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर गोस्वामी तुलसीदास के नाम पर कुरुक्षेत्र शहर में चौक निर्माण करवाए जाने का दिया आश्वासन
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के उपलक्ष में समाज के प्रतिभावान 183 विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
चंडीगढ़, 22 अगस्त— हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने समाज को आईना दिखाकर एकजुट व अनुशासित करने का कार्य किया है। समाज को आगे बढ़ाने में अनुशासन को ही पहला कार्य माना जाता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी महान संतों और महापुरुषों के दिखाएं रास्ते पर चलते हुए देश व प्रदेश में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के आधार पर कार्य कर रहे हैं। मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने हरियाणा दशनाम गोस्वामी समाज सभा को धर्मशाला निर्माण कार्य के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से मिलकर गोस्वामी तुलसीदास के नाम पर कुरुक्षेत्र शहर में चौक निर्माण करवाए जाने का आश्वासन भी दिया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को कुरुक्षेत्र में हरियाणा दशनाम गोस्वामी समाज सभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के उपलक्ष में समाज के प्रतिभावान 183 विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इनमें 168 विद्यार्थी दसवीं में 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से ऊपर अंक लेने वाले और 15 विभिन्न खेलों में समाज का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी शामिल रहे।
मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि स्वामी तुलसीदास ने जिस काल खंड में महान ग्रंथ की रचना की थी, वह ग्रंथ आज हर नागरिक के लिए लाभदायक सिद्ध हो रहा है। स्वामी तुलसीदास जी सर्वश्रेष्ठ संतो में शामिल है। उन्होंने समाज से जाति प्रथा को दूर करने, समाज को जागृत और चेतना लाने का काम किया है। आज समाज के प्रत्येक नागरिक को महान संतों व महापुरुषों के दिखाएं मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब, जरूरतमंद, पिछड़ा वर्ग के लिए अनेक नीति और नियमों को तैयार किया और उन्हें धरातल पर लागू किया। पंचायती चुनाव में बीसी वर्ग के लिए अलग से 8 प्रतिशत आरक्षण तय किया। जिसके परिणाम स्वरूप गोस्वामी समाज को सत्ता में भागीदारी मिली, कहीं पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति अध्यक्ष, सदस्य और पालिकाओ में पद मिलना आसान हुआ।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में युवाओं को सरकारी नौकरी पाने के लिए योग्यता की जरूरत है। अब सरकारी नौकरी पाने के लिए खर्ची पर्ची की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि अब युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 36 लाख नागरिकों को सम्मान भत्ता के तौर पर पेंशन दी जा रही है और लगभग 10 लाख महिलाओं को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत लाभ दिया जा रहा है। हमारे संतो ने जिस रामराज की कल्पना की थी, आज वह रामराज का सपना साकार हो रहा है।
