गुरुग्राम वासियों के लिए खुशखबरी: सड़कों पर दौड़ेगी नई इलेक्ट्रिक बसें, फटाफटचेक करें रूट्स
हरियाणा के गुरुग्राम जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही शहर की सड़कों में नई इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेगी। अक्टूबर के पहले हफ्ते में गुरुग्राम को पहले चरण में 40 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद है। इन बसों के लिए रूट भी निर्धारित कर लिए गए हैं।
इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल भी किया जा चुका है। अब जल्द ही संचालन को हरी झंडी दिखा दी जाएगी। जिससे लोगों को सफर बेहद आसान होगाऑ और यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने के साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी।
इन नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए सेक्टर-10 और सेक्टर-48 बस डिपो में आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। खास बात यह है कि रीजनल रूटों में IMT मानेसर सेक्टर-1 से द्वारका मोड़ और द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक बस सेवा प्रस्तावित है। इसके अलावा गुरुग्राम बस स्टैंड से करोल बाग और बल्लभगढ़ बस स्टैंड तक भी बसों के संचालन की योजना बनाई गई है।
ये रहेगा रूट
प्रस्तावित योजना के तहत इन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को 4 रूटों में वर्गीकृत किया गया है। जिनमें ट्रंक रूट, प्राइमरी रूट, सेकेंडरी रूट और रीजनल रूट शामिल हैं। ट्रंक रूट में सेक्टर-2 से घाटा गांव-सेक्टर-56, गुरुग्राम बस स्टैंड से एनसीआई एम्स बाढ़सा, सोहना बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन और मानेसर से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर बसें संचालित होगी।
प्राइमरी रूटों के माध्यम से गुरुग्राम बस स्टैंड से फर्रूखनगर, भोंडसी जेल, सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-55-56 मेट्रो स्टेशन-एचवीपीएन और इफको चौक मेट्रो स्टेशन से बादशाहपुर तक बस सेवा प्रस्तावित है। गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन से गुरुग्राम बस स्टैंड, महावीर चौक और गोशाला मैदान होते हुए बस सेवा भी प्रस्तावित है। मानेसर सेक्टर-7 से साइबर सिटी तक भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा।
नए सेक्टरों तक पहुंचेगी बस सेवा
सेकेंडरी रूटों में गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से राजीव चौक, गुरुग्राम बस स्टैंड-महावीर चौक-गोशाला मैदान से पालम विहार, सेक्टर-10 से गुरुग्राम बस स्टैंड और सेक्टर-104 से हुडा सिटी सेंटर मेट्रो तक बसों के संचालन की योजना बनाई गई है। इससे शहर में विकसित हो रहे नए सेक्टरों और सोसायटियों तक सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। लोगों को इन नई इलेक्ट्रिक एसी बसों में आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। वहीं, साथ ही मेट्रो स्टेशनों से सीधी कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
