हरियाणा में मत्स्य और झींगा पालन किसानों के लिए अच्छी खबर, अब मिलेगी सस्ती बिजली

 
हरियाणा में मत्स्य और झींगा पालन किसानों के लिए अच्छी खबर, अब मिलेगी सस्ती बिजली

Haryana news : हरियाणा में किसानों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। हरियाणा सरकार मत्स्य पालन और झींगा पालन को बढ़ावा देने तथा किसानों की  आय बढ़ाने के लिए बिजली दरों में राहत देने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, हिसार और फरीदाबाद में ₹100 करोड़ की लागत से दो आधुनिक मछली मंडियां बनाई जाएंगी।

इसके अलावा, यमुनानगर, रोहतक और फरीदाबाद में ₹6.04 करोड़ की लागत से तीन नई मृदा एवं जल परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। जानकारी के मुताबिक, सरकार के इन कदमों से मत्स्य पालकों को उत्पादन से लेकर मछली और झींगा की बिक्री तक बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

हरियाणा के कृषि, किसान कल्याण एवं मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी। मिली जानकारी के अनुसार, इस बैठक में विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन, निदेशक पवन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की बजट घोषणाओं को लागू करते हुए मत्स्य एवं झींगा पालकों को बिजली दरों में राहत दी गई है। 

मत्स्य मंत्री के अनुसार, कृषि फीडर से जुड़े किसानों को मत्स्य एवं झींगा पालन के लिए मात्र 10 पैसे प्रति यूनिट की रियायती दर पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इससे तालाबों में पानी की आपूर्ति और अन्य आवश्यक कार्यों में इस्तेमाल होने वाली बिजली की लागत कम करने में मदद मिलेगी। वहीं, गैर-कृषि फीडर से जुड़े मत्स्य पालकों के लिए एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन)/कृषि उद्योग श्रेणी के तहत बिजली की दर ₹6.60 प्रति यूनिट से घटाकर ₹4.75 प्रति यूनिट कर दी गई है।

मत्स्य पालकों की मांग को ध्यान में रखते हुए CM सैनी ने प्रदेश में तीन नई मृदा एवं जल परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित करने की मंजूरी दी है। ये प्रयोगशालाएं यमुनानगर, रोहतक और फरीदाबाद में कुल ₹6.04 करोड़ की लागत से बनाई जाएंगी।