गांवों में भी शहरी विकास की तर्ज पर सुविधाओं का होगा विस्तार, विकास कार्यों में गुणवत्ता और जनसुविधाओं को दें प्राथमिकता: राव नरबीर सिंह
गुरुग्राम, 20 नवंबर।गुरुग्राम के गांवों में भी शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर विकास और आधुनिक जन सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विकास के बीच किसी प्रकार का अंतर न रहे। गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ सड़क, सीवरेज और स्वच्छ पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुक्रवार को नगर निगम गुरुग्राम के अंतर्गत आने वाले गांव धनकोट और खेड़की माजरा में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने।
कैबिनेट मंत्री ने जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की मांग और सड़क सुरक्षा की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर चिन्हित स्थानों पर आवश्यकतानुसार टेबल टॉप ब्रेकर का निर्माण करवाया जाए। उन्होंने कहा कि गांवों में आवागमन के दौरान पैदल यात्रियों, बच्चों और वाहन चालकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। विकास कार्यों का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का निर्माण करना नहीं, बल्कि आमजन को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की ओर से रखी गई समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
राव नरबीर सिंह ने सीवरेज व्यवस्था से संबंधित ग्रामीणों की मांग पर निर्देश दिए कि जब तक संबंधित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में सीवरेज के निस्तारण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध न हो, तब तक गांवों में सीवर लाइन डालने का कार्य शुरू न किया जाए। उन्होंने कहा कि सीवरेज जैसी आधारभूत सुविधा का विस्तार योजनाबद्ध तरीके से होना चाहिए, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को जलभराव, गंदगी अथवा सीवरेज के अनुचित निस्तारण जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने गांवों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए भी अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संतुलित एवं समान विकास की नीति पर आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे तथा लोगों को अपने ही गांवों में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे करवाए जाएं।
निरीक्षण दौरे के दौरान नगर निगम गुरुग्राम के अधीक्षण अभियंता कृष्ण कुमार, संयुक्त आयुक्त रविंद्र मलिक, जिला वन अधिकारी सुरेंद्र दांगी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
