हरियाणा के हर गांव में गलियों, स्ट्रीट लाइट, इंडोर जिम, महिला सांस्कृतिक केंद्र और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं विकसित करना सरकार का लक्ष्य
चंडीगढ़, 25 अक्टूबर- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, किसानों की खुशहाली, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गांव में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि गांव हरसाना कलां के ग्रामीणों की भावनाओं और मांगों का सम्मान किया जाएगा तथा ग्रामसभा से प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री रविवार को सोनीपत के गांव हरसाना कलां में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुना और प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि हरियाणा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है और पंचायत विभाग की जिम्मेदारी गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रदेश में 6,230 ग्राम पंचायतों, 22 जिला परिषदों और 143 ब्लॉक के माध्यम से ग्रामीण विकास के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा प्रदेश के सभी गांव की फिरनियों पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएगी। अब तक 908 गांवों की फिरनियों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं और 500 गांव में कार्य चल रहा है। स्ट्रीट लाइट लगाने के इस कार्य में 175 करोड रुपए की लागत आएगी।सरकार का लक्ष्य है कि गांवों में बेहतर रोशनी की व्यवस्था हो और ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिले।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 996 गांव में 75 करोड रुपए की लागत से अटल पुस्तकालय स्थापित किया जा चुके हैं और इस वित्तीय वर्ष में 1000 नए अटल पुस्तकालय स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है। अटल पुस्तकालय खुलने से युवाओं को पढ़ने की सुविधा मिलेगी। ग्रामीण युवाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए इंडोर जिम स्थापित किए जा रहे हैं। अब तक 427 गांवों में लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर जिम स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि दूसरे चरण में 234 गांवों को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा प्रत्येक गांव में महिला सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। अब तक 647 गांवों में महिला सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा अन्य गांवों में भी इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि ग्रामीणों को योग और व्यायाम के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से व्यायामशालाएं विकसित की जा रही हैं। इसके तहत 1,025 गांवों में व्यायामशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं, जिन पर लगभग 411 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम सचिवालयों का भी विस्तार किया जा रहा है। गांवों के विद्यार्थियों, विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ई-लाइब्रेरी स्थापित करना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसान की खुशहाली से ही प्रदेश की आर्थिक प्रगति मजबूत होती है। किसान की आय बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलती है और बाजार में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से हरियाणा में लाखों किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को राहत देने, पशुपालकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने और किसानों को वैकल्पिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पशुपालकों को आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से पशु किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लगभग दो लाख पशुपालकों को 3,449 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को फसल नुकसान की भरपाई के लिए सहायता प्रदान की गई है।
श्री पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता दी है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक 2 लाख युवाओं को बिना खर्ची बिना पर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी मेहनत, शिक्षा और योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिलना सुशासन की पहचान है।
इस अवसर पर हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन श्री मोहनलाल बडौली राई से विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत विधायक निखिल मदान, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा, नगर निगम मेयर राजीव जैन, सुमित्रा जागलान, बबीता दहिया, गांव के सरपंच जगबीर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
