सक्षम मतदाता स्वयं ऑनलाइन फिल करें गणना प्रपत्र , 14 जुलाई का ना करें इंतजार : डीसी
झज्जर, 11 जुलाई।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने झज्जर जिला के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 14 जुलाई की अंतिम तिथि का इंतजार न करें, बल्कि जल्द से जल्द अपना हस्ताक्षरयुक्त गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को जमा करें। इसके अलावा ऐसे मतदाता जो ऑनलाइन एनमरेशन फार्म फिल करने में सक्षम हैं,वे ऑनलाइन प्रक्रिया का ऑप्शन ले और तत्काल फॉर्म भरें। उन्होंने कहा कि समय पर गणना प्रपत्र जमा होने से मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटि रहित बनाने का कार्य भी निर्धारित समय में पूरा किया जा सकेगा।
ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि मतदाता स्वयं भी https://voters.eci.gov.in पर जाकर ऑनलाइन गणना प्रपत्र भर सकते हैं। ऑनलाइन माध्यम अपनाने से समय की बचत होगी, प्रक्रिया अधिक सरल होगी तथा ऑनलाइन एन्यूमरेशन के माध्यम से गणना प्रपत्र का तत्काल डिजिटाइजेशन भी संभव होगा। उन्होंने झज्जर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं से अधिक से अधिक ऑनलाइन सुविधा अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शत प्रतिशत गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन हो ,इसके लिए सभी चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अपने अपने क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन कार्य की न केवल मॉनिटरिंग कर रहे हैं, बल्कि बूथों पर बीएलओ से फीडबैक ले रहे हैं।
बीएलओ को हस्ताक्षरयुक्त गणना प्रपत्र अवश्य दें
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के पास ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है, वे अपना हस्ताक्षरयुक्त गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ को तुरंत उपलब्ध कराएं। सभी बीएलओ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार घर-घर जाकर गणना प्रपत्र प्राप्त कर रहे हैं तथा उनका डिजिटाइजेशन भी लगातार किया जा रहा है, इसलिए प्रत्येक मतदाता समय रहते अपना सहयोग सुनिश्चित करे।
अपडेट मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला
डीसी ने कहा कि त्रुटि रहित व अपडेट मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। प्रत्येक पात्र नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए तथा अपने परिवार और आसपास के अन्य पात्र मतदाताओं को भी गणना प्रपत्र भरने और ऑनलाइन सुविधा का उपयोग करने के लिए प्रेरित करे।
गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन के बाद होगा वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट प्रकाशन
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने नागरिकों से अपील की कि वे तत्काल गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंपें, ताकि उनका तत्काल डिजिटाइजेशन हो सके। इसके बाद 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। 21 जुलाई से 18 सितंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त कर उनका निस्तारण किया जाएगा तथा सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद 22 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
