मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले में पात्र लोगों को मिलेगा योजनाओं का मौके पर ही लाभ: एडीसी
भिवानी, 24 जुलाई। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार और डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में स्थानीय पंचायत भवन में 26 जुलाई को भिवानी विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले को लेकर एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीसी ने कहा कि इस मेले में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के पात्र लोगों को मौके पर ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा पात्र लोगों के आवेदन करवाएं जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मेले में शामिल होने वाले लोगों को उनकी इच्छा व पात्रता के अनुरूप लाभ दिलवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में एडीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री परिवार उत्थान मेले का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩा है। उन्होंने बताया कि मेले में 19 विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले में एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को फोन से सूचना देकर बुलाया गया है। मेले में सबसे पहले लाभार्थियों का स्वागत वेलकम डेस्क पर किया जाएगा। इसके बाद काउंसलिंग टीम के सदस्य उनसे संपर्क कर उनकी आवश्यकता के अनुसार संबंधित योजना के काउंटर तक पहुंचाएंगे। यदि किसी लाभार्थी के दस्तावेज अधूरे होंगे तो उन्हें आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी रविंद्र ने बताया कि मेले में कुल 3,078 लाभार्थियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें 26 गांवों के 1,404 तथा भिवानी शहर के 31 वार्डों के 1,674 लाभार्थी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को फोन के माध्यम से मेले की जानकारी देकर आमंत्रित किया जा रहा है।
बॉक्स
इन विभागों द्वारा करवाए जाएंगे योजनाओं के आवेदन
- अंत्योदय मेले में ग्रामीण विकास, हरियाणा अनुसूचित जाति और वित्त एवं विकास निगम, सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, बागवानी विभाग, हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन, हरियाणा बैकवर्ड क्लासिस एवं इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन निगम, हरियाणा रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा महिला विकास निगम, रोजगार विभाग, बाल कल्याण विभाग, मत्स्य पालन विभाग, एमएसएमई, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज निगम लिमिटेड, ग्रामीण आजीविका मिशन, डेयरी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन फेडरेशन, विकास एवं पंचायत विभाग, उद्योग एवं वाणिज्य विभागों द्वारा स्टाल लगाई जाएंगी। इन विभागों द्वारा क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को दिया जाएगा।
बैठक में जिला कल्याण अधिकारी देवेंद्र, पशुपालन विभाग से डॉ. सुनील, टीडब्ल्यूओ राजकुमार, एनयूएलएम से ज्योति पांचाल, रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप हुड्डïा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
